विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संतकबीर नगर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से महिला की मौत; मां-बेटा घायल

Published: Fri, 21 Aug 2026 02:20 PM (IST)

संतकबीर नगर में राम-जानकी मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की ...और पढ़ें

हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रक को घेरा। जागरण

हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रक को घेरा। जागरण

HighLights

  1. संतकबीर नगर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी।

  2. हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

  3. मां-बेटा गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल रेफर।

संवाद सूत्र, बंसवारीगांव, (संतकबीर नगर)। राम-जानकी मार्ग पर लोहरैया पुलिस चौकी के समीप गुरुवार की सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां-बेटा समेत तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों में एक महिला काफी देर तक ट्रक के नीचे फंसी रही।

आसपास के लोगों ने मां-बेटा के साथ ही ट्रक के नीचे फंसी महिला को किसी तरह से निकालकर सीएचसी हैसर बाजार पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने ट्रक के नीचे महिला को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मां-बेटा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के संठी गांव निवासी 16 वर्षीय अंश पुत्र राजेश अपनी मां 42 वर्षीय सुधा पत्नी राजेश और परिवार की ही 32 वर्षीय रीता देवी पत्नी श्रीचंद यादव के साथ बाइक से गोरखपुर जिले के बारीगांव-बनकटा स्थित रिश्तेदारी में जा रहा था। तीनों बाइक से राम-जानकी मार्ग पर लोहरैया पुलिस चौकी के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान सिकरीगंज की ओर से तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक आगे बढ़ गई और एक महिला उसके नीचे आ गई। आसपास के लोगों की भीड़ जुटी तो चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी हैसर बाजार पहुंचाया।

यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में शादी का झांसा देकर दो किशोरियों का अपहरण, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद रीता देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं अंश और उसकी मां सुधा की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतका रीता देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक पुलिस के कब्जे में है। चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।