संतकबीर नगर में शादी का झांसा देकर दो किशोरियों का अपहरण, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
संतकबीर नगर के धनघटा थाना क्षेत्र से दो किशोरियों के अपहरण का मामला सामने आया है। परिजनों के आरोप के ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
धनघटा से दो किशोरियों के अपहरण का मामला।
शादी का झांसा देकर ले जाने का आरोप।
चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। धनघटा थाना क्षेत्र के एक गांव से मंगलवार रात दो किशोरियों के अपहरण का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि दोनों किशोरियों को शादी का झांसा देकर अलग-अलग युवकों ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अपहृत किशोरियों और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में एक किशोरी के पिता ने बताया कि मंगलवार की रात करीब दो बजे गांव निवासी जतिन कुमार पुत्र रमाकांत उनकी 16 वर्षीय बेटी को शादी का झांसा देकर कथित तौर पर अपने साथ ले गया। इसी दौरान गांव की ही 13 वर्षीय किशोरी को प्रजापतिपुर गांव निवासी सलमान अंसारी पुत्र सज्जाक अंसारी द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि दोनों किशोरियों को ले जाने में गांव निवासी राहुल पुत्र तूफानी और कन्हैया पुत्र ज्वाला ने भी सहयोग किया। घटना की जानकारी होने के बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों युवकों और उनके दो सहयोगियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस टीम दोनों किशोरियों की बरामदगी और नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही किशोरियों को बरामद कर आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में धान बेचने वाले पांच एजेंसियों पर 69 किसानों का भुगतान अटका, 1.54 करोड़ रुपये बकाया
