संतकबीरनगर की 24 पौधशालाओं में तैयार होंगे 35 लाख पौधे, फलदार प्रजातियों पर रहेगा विशेष जोर
संतकबीरनगर में वन विभाग की 24 पौधशालाओं में इस बार 35 लाख पौधे तैयार किए जाएंगे, जिनमें पीपल, बरगद और फलदार प्रजातियां शामिल हैं। जुलाई-अगस्त में होने वाले पौधरोपण महाअभियान के लिए 22 विभाग मिलकर तैयारी कर रहे हैं।
-1795507361448_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
संतकबीरनगर की 24 पौधशालाओं में 35 लाख पौधे तैयार होंगे।
फलदार प्रजातियों पर रहेगा विशेष जोर, छाया और फल मिलेंगे।
22 विभाग मिलकर पौधरोपण महाअभियान को सफल बनाएंगे।
राकेश पाठक, संतकबीरनगर। वन विभाग की जिले में संचालित 24 पौधशालाओं में इस बार 35 लाख पौधे तैयार किए जाएंगे। इनमें पीपल, बरगद, पाकड़, आंवला, कदम, अर्जुन और नीम समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल होंगे। इसके लिए शासन की ओर से वन विभाग को लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। बड़गो, बंजरिया, मगहर और बखिरा समेत अन्य स्थानों पर स्थित पौधशालाओं में पौधे तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पौधरोपण महाअभियान के दौरान इन पौधशालाओं में तैयार पौधों का उपयोग किया जाएगा। जिले के 22 विभाग मिलकर पौधरोपण अभियान को सफल बनाने में योगदान देंगे। हर वर्ष जिले में जुलाई से अगस्त माह के बीच पौधरोपण अभियान चलाया जाता है। इसमें विकास विभाग के साथ वन विभाग भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण करता है। अभियान के तहत विभिन्न विभागों और आम लोगों को इन पौधशालाओं से निश्शुल्क पौधे वितरित किए जाते हैं।
पौधशालाओं में तैयारियों में जुटे वनकर्मी
जिले की 24 पौधशालाओं में इन दिनों वनकर्मी पौधे तैयार करने की तैयारियों में जुटे हैं। इसके तहत क्यारियां बनाने, भुरभुरी मिट्टी की व्यवस्था करने, देशी खाद और सिंचाई के संसाधन जुटाने का काम किया जा रहा है। इस बार विशेष रूप से फलदार प्रजातियों के पौधे अधिक संख्या में तैयार किए जाएंगे, ताकि लोगों को छाया के साथ फल भी मिल सकें। पौधों की बेहतर वृद्धि के लिए कंपोस्ट खाद का भी प्रयोग किया जाएगा।
पौधरोपण से पहले खोदे जाएंगे गड्ढे
जिन स्थानों पर पौधों का रोपण किया जाना है, वहां पहले से ही गड्ढों की खुदाई कराई जाएगी। इससे पौधरोपण के समय मिट्टी और पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके अलावा पौधों को पशुओं और अन्य कारणों से नष्ट होने से बचाने के लिए चयनित स्थलों पर तार की बाड़ भी लगाई जाएगी। इस संबंध में डीएफओ हरिकेश नारायण यादव ने बताया कि शासन से निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष पौधे तैयार किए जाएंगे। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।