संतकबीरनगर में परिषदीय विद्यालयों में फिर होगी बिजली सुरक्षा जांच, 64 स्कूल किए गए चिह्नित
संतकबीरनगर के परिषदीय विद्यालयों में बिजली सुरक्षा की दोबारा जांच शुरू हुई है। बिजली विभाग ने 64 ऐसे स्कूलों को ...और पढ़ें

परिषदीय विद्यालयों में फिर होगी बिजली सुरक्षा जांच।
HighLights
संतकबीरनगर में परिषदीय विद्यालयों की बिजली सुरक्षा जांच शुरू।
64 स्कूलों में बिजली के तार, खंभे, ट्रांसफार्मर असुरक्षित।
बिजली विभाग सूची शिक्षा विभाग को सौंपेगा कार्रवाई हेतु।
राकेश पाठक, संतकबीरनगर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में बिजली सुरक्षा की दोबारा जांच शुरू हो गई है। बिजली विभाग ने दूसरे चरण में 64 ऐसे विद्यालय चिह्नित किए हैं, जहां तार, खंभे या ट्रांसफार्मर विद्यार्थियों के लिए खतरा बन सकते हैं। विभाग इन विद्यालयों की सूची शिक्षा विभाग को सौंपेगा, ताकि जरूरी कार्रवाई की जा सके।
बीते वर्ष जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 79 परिषदीय विद्यालयों में बिजली सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं उठाई थीं। कहीं परिसर में खंभे और ट्रांसफार्मर लगे थे, तो कहीं छत के करीब से बिजली के तार गुजर रहे थे। समस्याएं दूर करने के लिए शिक्षा विभाग ने बिजली विभाग को 87 लाख रुपये दिए थे।
इसके बाद बिजली विभाग ने खंभे और जर्जर तार हटाने, बदलने या सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का काम कराया। कार्य पूरा होने पर संबंधित अवर अभियंताओं से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भी लिया गया था।
अब अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर सुरक्षा मानकों की फिर से जांच हो रही है। इसमें अब तक 64 विद्यालयों में तार, खंभे या ट्रांसफार्मर हटाने अथवा स्थानांतरित करने की जरूरत सामने आई है। बिजली विभाग जल्द ही इनकी सूची शिक्षा विभाग को भेजेगा।
अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम चरण का काम पूरा हो चुका है। बिजली सुरक्षा मानकों के मद्देनजर कुछ विद्यालयों को दोबारा चिह्नित किया गया है। सूची जल्द शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक कार्रवाई हो सके।
