संत कबीर नगर में आवास दिलाने के नाम पर वसूली का आरोप, रोजगार सेवक को नोटिस
संत कबीर नगर के सेमरियांवा ब्लॉक में ग्राम रोजगार सेवक शैलेष कुमार पर आवास योजना के लाभार्थियों से अवैध वसूली का आरोप लगा है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रोजगार सेवक पर आवास योजना में वसूली का आरोप।
खंड विकास अधिकारी ने नोटिस जारी कर मांगा स्पष्टीकरण।
जवाब संतोषजनक न होने पर प्राथमिकी की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, सेमरियावां। विकास खंड सेमरियांवा की ग्राम पंचायत केकरहो के ग्राम रोजगार सेवक शैलेष कुमार पर आवास योजना के लाभार्थियों से अवैध वसूली का आरोप लगा है। खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार दुबे ने उन्हें नोटिस जारी कर दो दिन में साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर प्राथमिकी दर्ज कराने और संविदा समाप्त करने की चेतावनी दी गई है।
खंड विकास अधिकारी कार्यालय से सोमवार को जारी पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत सचिव चंद्र प्रकाश और प्रशासक कमलावती देवी ने 8 अक्टूबर को शिकायत की जानकारी दी थी।
इसके बाद ग्राम पंचायत में भ्रमण के दौरान पाया गया कि मुख्यमंत्री आवास योजना (जीरो पावर्टी) के तहत केकरहो के सात लाभार्थियों को आवास का लाभ दिया गया था और उन्हें पहली किश्त मिल चुकी थी।
जांच में आरोप सामने आया कि रोजगार सेवक ने आवास दिलाने के नाम पर प्रत्येक लाभार्थी से 10 से 15 हजार रुपये तक वसूले। लाभार्थियों में रजनी पत्नी राजेश, जरीबा खातून पत्नी शहजाद और बाना पत्नी रामस्वरूप सहित अन्य शामिल हैं।
बीडीओ ने कहा कि शासन की लाभार्थीपरक आवास योजना में ऐसा कृत्य क्षम्य नहीं है। रोजगार सेवक को दो दिन के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। ग्राम पंचायत अधिकारी को नोटिस तामील कराकर उसकी प्राप्ति रसीद पटल सहायक को देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
