विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संतकबीरनगर के गणेश विसर्जन जुलूस में बवाल, सांसद लक्ष्मीकांत निषाद समेत दोनों पक्षों पर केस

Published: Sun, 20 Sep 2026 09:28 AM (IST)

संतकबीरनगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुए विवाद में सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद और दूसरे पक्ष ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान विवाद हुआ।

  2. सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद व समर्थकों पर आरोप।

  3. पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। बखिरा के अमरडोभा चौराहे में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान पर हुए विवाद के मामले में बखिरा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। एक तरफ सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की तहरीर पर जुलूस में शामिल लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है, वहीं दूसरी ओर संतोषपुर निवासी विशाल कुमार की तहरीर पर सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद समेत उनके समर्थकों को आरोपित बनाया गया है। सांसद पर गाड़ी की चपेट में लेने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाए गए हैं।

बखिरा थाना क्षेत्र के संतोषपुर निवासी विशाल कुमार पुत्र जेठू प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 सितंबर की रात करीब साढ़े दस बजे वह गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल होकर अमरडोभा चौराहे पर पहुंचा था। इसी दौरान जुलूस में शामिल एक डीजे का जनरेटर खराब हो गया। डीजे बंद होने के बाद संचालक और जुलूस में शामिल लोगों के बीच कहासुनी होने लगी।

इसी वजह से जुलूस कुछ देर के लिए रुक गया। आरोप है कि इसी दौरान सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद और उनके समर्थकों की तीन-चार गाड़ियां हूटर बजाते हुए जुलूस के बीच से आगे बढ़ने लगीं। इसी दौरान वह सांसद की गाड़ी की चपेट में आ गया और सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। घटना के बाद मौजूद लोगों ने सांसद व उनके समर्थकों से आपत्ति जताई।

इस पर सांसद के साथ मौजूद लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि सांसद की गाड़ी से उतरे एक व्यक्ति ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जुलूस में शामिल विश्वकेतु यादव निवासी बखिरा उत्तरी मंगल बाजार तथा उसके साथ आए करीब आधा दर्जन लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

यह भी आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे सांसद की गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। आरोप है कि इसके बाद सांसद के समर्थकों की ओर से भी ईंट-पत्थर चलाए गए, जिससे कुछ लोगों को चोटें आईं। पीड़ित ने सांसद और उनके समर्थकों पर माहौल बिगाड़ने तथा धमकी देने का आरोप लगाया है।

सांसद ने भी दर्ज कराया मुकदमा
दूसरी ओर सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने अपनी तहरीर में बताया कि 18 सितंबर की रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने सहयोगियों व सुरक्षा कर्मियों के साथ बेलहर कला स्थित अपने आवास जा रहे थे। बखिरा-लेडुआ-अमरडोभा चौराहे पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए म्यूजिक सिस्टम के साथ जुलूस जा रहा था। इसी दौरान पुलिसकर्मी उनके साथ चल रहे वाहनों को भीड़ से बाहर निकलवा रहे थे।

यह भी पढ़ें- ‘जनता 2027 में EVM पर जवाब देगी’, सपा की सियासत पर बीजेपी प्रवक्ता ने साधा निशाना

सांसद का आरोप है कि क्षेत्राधिकारी मेहदावल, थानाध्यक्ष और उपजिलाधिकारी खलीलाबाद की मौजूदगी में कुछ उपद्रवी लोगों ने उनके वाहन पर लगा झंडा देखकर उनकी हत्या की नीयत से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे से हमला कर दिया।

सुरक्षा कर्मियों व सहयोगियों ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे उनकी जान बच सकी। हमले में उनके काफिले में शामिल बोलेरो समेत अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सांसद ने पुलिस से घटना की वीडियोग्राफी की जांच कर हमले में शामिल आरोपितों को चिह्नित करते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी।

यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में गणेश विसर्जन के दौरान बवाल, डीजे के फोटो पर भड़के लोग; सांसद की गाड़ी पर पथराव

गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुए विवाद में दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-

-दिलीप सिंह, थानाध्यक्ष बखिरा