विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पार्क, विवाह घर, सड़क और...मेंहदावल नगर पंचायत का बदलेगा स्वरूप, 13 करोड़ से होंगे विकास कार्य 

Published: Mon, 17 Aug 2026 03:20 PM (IST)

मेंहदावल नगर पंचायत में 13 करोड़ रुपये की लागत से बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए जाएंगे, जिसमें पार्क, विवाह ...और पढ़ें

मेंहदावल नगर पंचायत का बदलेगा स्वरूप।

मेंहदावल नगर पंचायत का बदलेगा स्वरूप।

HighLights

  1. मेंहदावल में 13 करोड़ के विकास कार्य होंगे।

  2. तीन नए पार्क और एक विवाह घर बनेगा।

  3. सड़कें, पेयजल व्यवस्था सुधरेगी, सामुदायिक शौचालय भी।

अतुल मिश्र, मेंहदावल (संत कबीर नगर)। ब्रिटिश हुकूमत के दौरान की बनी मेंहदावल नगर पंचायत के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। नगर पंचायत क्षेत्र में 13 करोड़ रुपये की लागत से बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए निविदा प्रकाशित कर दी गई है। प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। सभी विकास कार्य राज्य वित्त व पंद्रहवां वित्त मद से कराए जाएंगे।

इससे नगर का चौमुखी विकास हो सकेगा। नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी निषाद ने सभी बीस वॉर्डों को विकास कार्यों के लिए प्राथमिकता दी है। इससे इसका स्वरूप बदलेगा।

तीन जगहों पर बनेंगे पार्क

नगरवासियों को घूमने और मनोरंजन की बेहतर सुविधा देने के लिए नगर में तीन स्थानों पर पार्क बनाए जाएंगे। ठठराही, उत्तर पट्टी और नायक टोला के कुबेरस्थान मंदिर के पास लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से सुंदर पार्क विकसित किए जाएंगे। इन पार्कों में बच्चों के लिए झूले, ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, बेंच और हरियाली विकसित की जाएगी। शाम के समय लोगों को सैर-सपाटे की सुविधा मिल सकेगी।

मंझरिया तिवारी में बनेगा विवाह घर

शादियों के लिए सामुदायिक भवन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसे देखते हुए मंझरिया तिवारी वार्ड में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से विवाह घर का निर्माण कराया जाएगा। इसमें शौचालय, पेयजल, बिजली और पार्किंग की व्यवस्था होगी। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को शादी-ब्याह के आयोजन में काफी राहत मिलेगी। उन्हें महंगे मैरिज लॉन बुक करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

टड़वरिया चौराहे पर सामुदायिक शौचालय

नगर के व्यस्तम क्षेत्र टड़वरिया चौराहे पर राहगीरों और व्यापारियों की सुविधा के लिए सामुदायिक शौचालय बनेगा। यहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आना-जाना लगा रहता है। शौचालय बनने से गंदगी और खुले में शौच की समस्या दूर होगी। इसे स्वच्छ भारत मिशन के मानकों के अनुरूप बनाया जाएगा।

पेयजल पर खर्च होंगे 6 करोड़

नगर की जर्जर सड़कों और गलियों को दुरुस्त करने के लिए लगभग 6 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें इंटरलाकिंग, सीसी रोड, डिवाइडर का निर्माण और मरम्मत शामिल है। जिन मोहल्लों में जलजमाव की समस्या है वहां नालियों को भी दुरुस्त किया जाएगा। इसके साथ ही पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए नई पाइपलाइन बिछाने और पुरानी लाइन की मरम्मत का काम होगा। गर्मियों में पानी की किल्लत न हो, इसके लिए टंकियों की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी।

सभी कार्यों की निविदा प्रकाशित हो चुकी है। तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ सभी कार्य पूरा कर इन सुविधाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इससे नगर पंचायत का स्वरूप बदला हुआ दिखेगा। पंकज कुमार-अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत-मेंहदावल।

यह भी पढ़ें- संतकबीरनगर: सराफा दुकान के पास बाइक खड़ा करने पर विवाद, चाकूबाजी में घायल हुए दो कारोबारी