विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संतकबीर नगर में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, एक घायल

Published: Wed, 05 Aug 2026 08:16 PM (IST)

संतकबीर नगर में रुधौली-दुर्गाजोत मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बाइक सवार युवक आशीष कुमार की मौत ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. संतकबीर नगर में कार-बाइक की टक्कर में एक की मौत।

  2. रुधौली-दुर्गाजोत मार्ग पर हुआ भीषण सड़क हादसा।

  3. पुलिस नंबर प्लेट से कार चालक की तलाश में जुटी।

संवाद सूत्र, संतकबीर नगर। रुधौली-दुर्गाजोत मार्ग पर बुधवार की दोपहर करीब 2:30 बजे तेज रफ्तार कार की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक तेजी से कार लेकर फरार हो गया। हालांकि बाइक से टकराने के बाद कार का नंबर प्लेट मौके पर ही गिर गया।

हादसा सुरसाचमनजोत गांव के पास हुआ। बालेपार निवासी 22 वर्षीय आशीष कुमार पुत्र चंद्रभान अपने साथी 20 वर्षीय रंजीत पुत्र केशव के साथ बाइक से राजघाट से घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों सुरसाचमनजोत के समीप पहुंचे, रुधौली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए जबकि बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिरे। आशीष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रंजीत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

घायल रंजीत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलहर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हालांकि, भागने की जल्दबाजी में कार का नंबरप्लेट घटनास्थल पर गिर गई। पुलिस ने नंबर प्लेट को कब्जे में लेकर वाहन और चालक की पहचान शुरू कर दी है।

घटना के बाद कुछ देर तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा और लोगों की भीड़ जुट गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष बेलहर हरिकेश भारती ने बताया कि घटनास्थल से मिली नंबर प्लेट के आधार पर कार और उसके चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपित चालक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में धान बेचने वाले पांच एजेंसियों पर 69 किसानों का भुगतान अटका, 1.54 करोड़ रुपये बकाया