संतकबीरनगर में 5000 से ज्यादा परिवारों के बनेंगे आयुष्मान कार्ड, मिलेगा 5 लाख तक का मुफ्त इलाज
संतकबीरनगर में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत 5,708 और परिवारों को लाभ मिलेगा, जिससे कुल 21,450 सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनेंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
संतकबीरनगर में 5,708 नए परिवारों को मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ।
इन 21,450 सदस्यों के बनेंगे आयुष्मान कार्ड, मुफ्त उपचार सुविधा।
जीरो पावर्टी योजना के तहत चिह्नित हुए अत्यधिक गरीब परिवार।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले के 5,708 और परिवारों को योजना का लाभ मिलेगा। जिला आपूर्ति विभाग ने जीरो पावर्टी योजना के तहत चिह्नित इन परिवारों का डाटा स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करा दिया है।
अब स्वास्थ्य विभाग पात्र परिवारों के सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनवाएगा। इन परिवारों में कुल 21,450 सदस्य शामिल हैं। कार्ड बनने के बाद पात्रों को प्रत्येक वर्ष पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सीएमओ कार्यालय पहुंचते हैं। हालांकि सूची में नाम नहीं होने अथवा नाम, पिता के नाम और अन्य विवरण में त्रुटि होने के कारण कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ता है। ऐसे में जिला आपूर्ति विभाग की ओर से चिह्नित किए गए नए पात्र परिवारों को योजना में शामिल किए जाने से उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है।
जीरो पावर्टी योजना के तहत प्रथम चरण में अब तक 6,611 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। अब 5,708 परिवारों के 21,450 सदस्यों के नाम योजना में शामिल होने के बाद जीरो पावर्टी के लाभार्थियों में आयुष्मान कार्ड पाने वालों की संख्या बढ़कर 28,061 हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- संतकबीरनगर में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का सपा पर हमला, बोले - 'अब पूरे यूपी में बिजली, माफिया जेल में'
जिले में आयुष्मान कार्ड की स्थिति
- कुल लाभार्थियों की संख्या: 1,71,075
- अब तक बने आयुष्मान कार्ड: 1,56,944
- कुल अनुबंधित आयुष्मान अस्पताल: 69
क्या है जीरो पावर्टी योजना
जीरो पावर्टी प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसका उद्देश्य अत्यधिक गरीब परिवारों को चिह्नित कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाना है। इसके तहत गांव और कस्बों में सर्वे के माध्यम से अत्यधिक गरीब परिवारों को चिह्नित किया जाता है। पात्रता सूची में शामिल परिवारों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाता है।
जीरो पावर्टी के तहत 5्,708 नामों को आयुष्मान योजना के तहत चयनित किया गया है। सूची में शामिल लोगों के नाम से आयुष्मान कार्ड बनेगें। इसमें चिह्नित परिवारों के 21,450 सदस्य लाभान्वित होंगे।
डॉ. जन्मेजय सिंह, आयुष्मान जिला प्रोग्राम समन्यवक
