विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संतकबीरनगर में 32 हजार उपभोक्ताओं ने नहीं कराई ई-केवाईसी, LPG सिलिंडर बुकिंग पर लगी रोक

Published: Sat, 10 Oct 2026 03:49 PM (IST)

संतकबीरनगर में 32 हजार गैस उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, जिससे उनकी सिलेंडर बुकिंग अस्थायी रूप से रोक दी गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. संतकबीरनगर में 32 हजार उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी लंबित।

  2. गैस कंपनियों ने सिलेंडर बुकिंग पर लगाई अस्थायी रोक।

  3. त्योहारों से पहले उपभोक्ता केवाईसी के लिए परेशान।

जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। बार-बार सूचना देने के बावजूद जिले के करीब 32 हजार गैस उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। इसके चलते गैस आपूर्ति कंपनियों ने इनके सिलेंडर की बुकिंग पर अस्थायी रोक लगा दी है।

बुकिंग नहीं होने से उपभोक्ता परेशान हैं और केवाईसी कराने के लिए संबंधित गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे उपभोक्ताओं की भी है, जो बुजुर्ग हैं या नौकरी और अन्य कारणों से विदेश अथवा दूसरे प्रदेशों में रह रहे हैं। ऐसे में उनके सामने केवाइसी कराने की समस्या खड़ी हो गई है।

जनपद में कुल 4,79,314 गैस कनेक्शनधारक हैं। इनमें 1,36,147 उज्ज्वला गैस कनेक्शनधारक शामिल हैं। इन उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति के लिए जिले में 22 गैस एजेंसियां संचालित हैं। इंडियन आयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल की ओर से उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराए जाते हैं।

गैस कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को मोबाइल पर संदेश भेजकर, गैस वितरकों के माध्यम से और एजेंसियों से फोन कर ई-केवाइसी कराने की सूचना दी गई थी। इसके बावजूद करीब 32 हजार उपभोक्ताओं ने प्रक्रिया पूरी नहीं की।

अब कंपनियों ने ऐसे उपभोक्ताओं की सिलेंडर बुकिंग पर अस्थायी रोक लगा दी है। दशहरा और दीपावली जैसे त्योहार नजदीक होने के कारण उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है।

बुकिंग बंद होने पर एजेंसियों पर पहुंच रहे उपभोक्ता

सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग नहीं होने पर उपभोक्ता संबंधित गैस एजेंसियों पर पहुंचकर जानकारी ले रहे हैं। वहां उन्हें ई-केवाईसी कराने के लिए कहा जा रहा है। इसके चलते एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ने लगी है।

उपभोक्ता राम कुमार सिंह, मालती, शिवकुमार और झिनका समेत अन्य लोगों ने बताया कि जब सिलेंडर की बुकिंग नहीं हुई तो वे एजेंसी पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि ई-केवाईसी नहीं होने के कारण बुकिंग पर रोक लगी है।

खलीलाबाद गैस सर्विस के मैनेजर रवि शर्मा ने बताया कि ई-केवाईसी के लिए उपभोक्ताओं को कई बार अलग-अलग माध्यमों से सूचना दी गई थी। अब रोक लगने के बाद बड़ी संख्या में लोग केवाईसी कराने पहुंच रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं का डाटा अपडेट हो जा रहा है, उनकी सिलेंडर बुकिंग भी शुरू हो जा रही है।

ई-केवाईसी नहीं कराने के कारण संबंधित उपभोक्ताओं के सिलेंडर की डिलीवरी पर रोक लगी है। सभी संबंधित उपभोक्ताओं को अपनी गैस एजेंसी पर पहुंचकर ई-केवाइसी करानी होगी। इसके बाद ही उनकी बुकिंग संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

                                                                       राजीव कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी