एसपी की जांच में पिस्टल नहीं खोल सके पुलिसकर्मी
एसपी ने सोमवार को महुली थाने की जांच किया। पुलिसकर्मी पिस्टल को खोलने में भी सफल नहीं रहे। बैरक आदि का हाल बदहाल मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त किया।
संत कबीरनगर:एसपी ने सोमवार को महुली थाने की जांच किया। पुलिसकर्मी पिस्टल को खोलने में भी सफल नहीं रहे। बैरक आदि का हाल बदहाल मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त किया।
एसपी ब्रजेश सिंह ने थाने के मालखाने से लेकर शस्त्रागार तक का बीरीकी से निरीक्षण किया। अभिलेखों का अवलोकन करने के बाद प्रशिक्षु महिला आरक्षियों, ट्रेनी पुरूष आरक्षियों, बीट पुलिस अधिकारियों से उन्होंने अलग-अलग वार्ता की। थाने पर उपनिरीक्षक आरपी यादव के नेतृत्व में उन्हें गार्ड आफ ऑनर दिया गया। बैरक के बरामदे में लटक रहे नंगे तार पर एसपी की निगाह पड़ी तो उन्होंने तत्काल ठीक कराने के लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिया। परिसर में बने अधिकांश भवन जर्जर मिले।हेड मोहर्रिर आवास, चालक आवास, पुरानी बैरक, पुराने शौचालय के भवन को निष्प्रयोज्य घोषित करने का निर्देश दिया। थाना परिसर के दक्षिणी छोर की ओर एंगल के सहारे कटीले तार और पेड़ लगाकर नेचुरल बाउंड्री बनाने को कहा। थाना परिसर के बने मानचित्र के अनुसार सभी भवनों के सामने उसका नामकरण कराने का निर्देश दिया। शस्त्रागार में मौजूद हथियारों को भी उन्होंने देखा। इस दौरान पीआरओ प्रदीप सिंह, सीओ अमरीश भदौरिया, थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, राम प्रवेश यादव, जितेन्द्र कुमार सिंह, अक्षैबर पाण्डेय, अवधेश पाण्डेय, सदरुल आलमीन, मनोज त्रिपाठी, सुनील सिंह सहित तमाम पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
उप निरीक्षक के छूटे पसीने
एसपी ने जांच के दौरान एक उपनिरीक्षक को पिस्टल और रिवाल्वर खोलने के लिए कहा। एसआई अवधेश पाण्डेय तो इसे खोलने में सफल रहे परंतु दूसरे उपनिरीक्षक को पसीने आने लगे।