दीपावली को लेकर सजग रहें पुलिस कर्मी:डीआइजी
डीआइजी बस्ती मंडल आशुतोष कुमार ने जिले में अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान पहले दिन मंगलवार को पुलिस लाइन का निरीक्षण करने के साथ ही डीएम और एसपी के साथ बैठक की। उन्होंने दीपावली के त्योहार को लेकर पुलिस कर्मियों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया।
संतकबीर नगर: डीआइजी बस्ती मंडल आशुतोष कुमार ने जिले में अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान पहले दिन मंगलवार को पुलिस लाइन का निरीक्षण करने के साथ ही डीएम और एसपी के साथ बैठक की। उन्होंने दीपावली के त्योहार को लेकर पुलिस कर्मियों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया।
मंगलवार को दोपहर में डीआइजी ने पुलिस लाइन का भ्रमण किया। यहां बैरक की जांच करने के साथ ही उन्होंने पुलिस कर्मियों की समस्या भी सुनी। असलहा कक्ष सहित अन्य की जांच की। इसके बाद इन्होंने डीएम और एसपी के साथ कानून-व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने पर विचार-विमर्श किया। इन्होंने दीपावली पर्व व छठ पर्व की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। अपराधों पर नियंत्रण करने के साथ ही पुलिस को आम जनमानस में बेहतर छवि कायम रखने के लिए प्रेरित किया। गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई करने में भी इन्होंने सक्रियता बरतने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी अजय सिंह, थानाध्यक्ष मेंहदावल रवींद्र कुमार गौतम, रवींद्र कुमार, गौरव सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सुभाष मौर्य, रणधीर मिश्र, प्रतिसार निरीक्षक पंकज तिवारी, एलआइयू इंस्पेक्टर त्रिलोचन त्रिपाठी, अखिलानंद उपाध्याय, यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, महिला थानाध्यक्ष डा. शालिनी सिंह आदि मौजूद रहे।
धनघटा के शनिचरा बाजार दुर्गा मंदिर पर डीआइजी ने व्यापारियों के साथ बैठक की। इस दौरान प्रधान विक्रम कसौधन ने पुलिस पिकेट स्थापित करने की मांग की। लुटेरों के हमले में घायल कमलेश के भाई ने व्यापारियों को सुरक्षा दिए जाने की मांग की। इस पर डीआइजी ने सभी को सुरक्षा के लिए आश्वस्त किया।
डीआइजी बुधवार को भी जिले में रहेंगे। इस दौरान इनके द्वारा थानों की जांच करने के साथ ही सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।