विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संतकबीर नगर में पीएम आवास शहरी के लिए 13 हजार आवेदन, अब घर-घर शुरू होगी जांच

Published: Thu, 01 Oct 2026 03:10 PM (IST)

मेंहदावल तहसील में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 13 हजार से अधिक आवेदनों की घर-घर जांच शुरू होगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. मेंहदावल में पीएम आवास शहरी के 13,407 आवेदन।

  2. संयुक्त टीमें घर-घर जाकर पात्रता की जांच करेंगी।

  3. फर्जीवाड़े रोकने को जियो टैगिंग और आय सत्यापन होगा।

जागरण संवाददाता, मेंहदावल। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को लेकर मेंहदावल तहसील क्षेत्र के नगर निकायों में जांच जल्द शुरू होने वाली है। मेंहदावल तहसील की तीन नगर पंचायतों मेंहदावल, धर्मसिंहवा और बेलहर कला में अब तक 13,407 लोगों ने आवास के लिए आवेदन किया है। इसमें सबसे ज्यादा मेंहदावल नगर पंचायत से 8500, धर्मसिंहवा से 3607 और बेलहर कला से 1300 आवेदन आए हैं।

यह आंकड़ा पूरे जनपद में आए कुल आवेदनों का लगभग 40 फीसदी है। जिला नगरीय विकास अभिकरण डूडा ने तीनों नगर पंचायतों की सूची मेंहदावल तहसील प्रशासन को भेज दी है।

अब उपजिलाधिकारी और अधिशासी अधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त टीम प्रत्येक आवेदक के घर जाकर पात्रता की जांच करेगी। पात्र पाए गए लोगों की सूची डूडा को भेजी जाएगी। डूडा इसका डीपीआर बनाकर शासन को भेजेगा और मंजूरी मिलते ही लाभार्थियों के खाते में आवास की धनराशि भेजी जाएगी।

बिना मौका देखे नहीं लगेगी जांच रिपोर्ट

मेंहदावल तहसील में आवेदन का सिलसिला अभी भी जारी है। रोजाना कुछ लोग ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। ऐसे में यह आंकड़ा बढ़ सकता है। पिछले दिनों कई शिकायतें मिली थीं कि अपात्र लोगों ने भी फर्जी दस्तावेज लगाकर आवास ले लिया है। इस बार प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

एसडीएम स्तर से स्पष्ट निर्देश है कि बिना मौके पर जाए किसी भी आवेदक को पात्र न माना जाए। जांच टीम में लेखपाल, नगर पंचायत के कर्मचारी शामिल रहेंगे। टीम कच्चे मकान की फोटो, जियो टैगिंग और परिवार की आय का सत्यापन करेगी।

मेंहदावल तहसील क्षेत्र की तीनों नगर पंचायतों में पीएम आवास शहरी के लिए 13 हजार से अधिक आवेदन आए हैं। इसकी जांच के लिए संयुक्त टीम गठित कर दी गई है। टीम घर-घर जाकर सत्यापन करेगी। केवल पात्रों को ही योजना का लाभ दिया जाएगा। -क्षिप्रा पाल, एसडीएम मेंहदावल।

यह भी पढ़ें- बलिया में डॉक्यूमेंट में अलग नाम होने से अटके आयुष्मान कार्ड, अब डीएम स्तर पर समाधान की तैयारी