भाजपा नेताओं पर हमले को लेकर कार्यकर्ता आक्रोशित
खलीलाबाद के विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे और मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अराजकता चरम पर है। वहां सरकार नाम की चीज नहीं है।
संतकबीर नगर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा.जेपी नड्डा, मीडिया प्रभारी प्रभारी डा. संजय मयूख सहित भाजपा नेताओं पर के काफिले पर पश्चिम बंगाल में हुए हमले को लेकर भाजपा नेता और कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। सभी ने इसे लोकतंत्र विरोधी कदम बताते हुए राष्ट्रपति से ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
खलीलाबाद के विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे और मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अराजकता चरम पर है। वहां सरकार नाम की चीज नहीं है। अपराधियों का बोलबाला है। ममता अपनी हार देखकर बौखला गई हैं, इसलिए अब अराजकता पर उतर आईं हैं। युवा नेता वैभव चतुर्वेदी और नगर पालिका के अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा ने कहा कि ममता बनर्जी को सत्ता का अहंकार हो गया है। वह पश्चिम बंगाल को अपनी जागीर समझ रही हैं। जनता उनकी नीतियों से आजिज आ चुकी है। अपराधियों के दम पर वह सत्ता का संचालन कर रही हैं। उन्होंने बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष बद्री प्रसाद यादव, महामंत्री विनोद पांडेय, विवेकानंद वर्मा, मीडिया प्रभारी अमित श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को जनता के बीच अपनी बात रखने का अधिकार है। अपनी हार सामने देख ममता बनर्जी घबरा गई हैं। आलोक सिंह और देवेंद्र मिश्र ने कहा कि बंगाल में पूरी तरह अराजकता का माहौल बन गया है। वहां की सरकार कानून व्यवस्था के मुद्दे पर विफल है। निदा करने वालों में नगर पंचायत मगहर की चेयरमैन संगीता वर्मा, अमरीश राय, अनिरुद्ध निषाद, दयाराम, हेमन्त चतुर्वेदी, जगदम्बा लाल श्रीवास्तव, किरण प्रजापति, नागेंद्र भारती, विवेक खन्ना, अर्जुन चौधरी आदि ने शामिल रहे। महिला समूह चलाएंगी कोटे की दुकान
संतकबीर नगर : बघौली ब्लाक के भवानीगाड़ा गांव में शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय में खुली बैठक हुई। सर्वसम्मति से लक्ष्मी महिला समूह को कोटे की दुकान चलाने के लिए चयनित कर लिया गया। प्रधान राजेश यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पंचायत सचिव राज नारायण शुक्ल ने कोटे की दुकान के संचालन के लिए प्रस्ताव मांगा। अन्य किसी का आवेदन न मिलने से लक्ष्मी महिला समूह को राशन वितरण की जिम्मेदारी दी गई। इस अवसर पर रामप्रीत, प्रेमशीला, रामकिशुन, रामशब्द, अनीता आदि मौजूद रहे।