संत कबीर बाल आश्रम से गायब हो गया अनाथ बालक
आश्रम के अधीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है।
संत कबीरनगर: गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संत कबीर बाल आश्रम से एक अनाथ बालक गायब हो गया। सूचना मिलते ही जिला प्रोबेशन कार्यालय में खलबली मच गई। जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ) ने इसकी लिखित सूचना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस को दी।
गोरखपुर जनपद के 14 वर्षीय शिवम को आश्रम में 10 दिन पहले रखा गया था। 20 जुलाई को बालक यहां से गायब हो गया। आश्रम में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। एक अधीक्षक व एक केयरटेकर इन बच्चों की देखभाल करते हैं। इसके बाद भी बालक के गायब होने से आश्रम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वर्तमान में यहां पर छह अनाथ बच्चे हैं।
श्वेता त्रिपाठी- जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि आश्रम की हर माह तीन से चार बार निरीक्षण की जाती है। बाल कल्याण समिति के सदस्य भी निरीक्षण करते हैं। बालक के गायब होने की सूचना कोतवाली खलीलाबाद को दे दी गई है। आश्रम के अधीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। एडवोकेट अमित कुमार उपाध्याय
अध्यक्ष-बाल कल्याण समिति ने बताया कि बालक का गायब हो जाना आश्रम की सुरक्षा व्यवस्था में चूक है। संस्था से सीसीटीवी फूुटेज मांगा गया है। इसे देखने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।