Santkabir Nagar: रात में घरवालों के साथ भोजन करने के बाद कमरे में सोने गई विवाहिता, सुबह फंदे से लटकता मिला शव
घटना मेंहदावल के उत्तरपट्टी मोहल्ले में हुई। विवाहिता रात में घरवालों के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह देर तक घर से बाहर नहीं निकली तो घरवालों ने अनहोनी की आशंका पर खिड़की से देखा तो होश उड़ गए।
संतकबीर नगर, जागरण संवाददाता। संतकबीर नगर जिले के मेंहदावल कस्बे के उत्तरपट्टी मोहल्ले में विवाहिता का शव फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। इसके साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हत्या व आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर पुलिस जांच में जुटी हुई है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
यह है मामला
23 वर्षीय राधा पत्नी सूरज रात में घरवालों के साथ भोजन करने के बाद कमरे में सोने गई थी। सुबह देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिवार के सदस्य खिड़की से देखे तो पंखे में फंदे से लटका हुआ उसका शव दिखाई दिया। इसकी सूचना मेंहदावल पुलिस को दी गई। उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। कमरे का दरवाजा तोड़कर विवाहिता का शव नीचे उतारा गया।
एक साल पहले हुआ था विवाह
राधा व सूरज की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। परिवार के सदस्यों व राधा के बीच में कुछ मनमुटाव चल रहा है। कुछ लोग दहेज हत्या की भी चर्चा कर रहे हैं, देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी। लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस हत्या व आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच में जुटी हुई है। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट व तहरीर के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मृत्यु
दुधारा थाना के साफियाबाद गांव के युवक की मृत्यु बस्ती जनपद के कलवारी के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हो गई। उसके साथ बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। उनका इलाज चल रहा है। मोहम्मद सफीक के 26 वर्षीय पुत्र सगीर अहमद बुधवार को मदरसा बोर्ड की परीक्षा बस्ती में देकर अपने साथी बस्ती जनपद के गौर थाना क्षेत्र के ग्राम गोभिया के रहने वाले अब्दुल समद के साथ बाइक से किसी कार्य से आंबेडकरनगर के टांडा गए थे। रात में घर वापस लौटते समय कलवारी के पास सड़क पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। एक घंटे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों को एंबुलेंस द्वारा बस्ती जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना पाकर स्वजन अस्पताल पहुंचे। हालत गंभीर देख सगीर अहमद को बस्ती के एक निजी अस्पताल ले गए जहां उपचार के दौरान उसकी बुधवार की देर रात मृत्यु हो गई।