विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Lok Sabha Election : पूर्व मंत्री पप्पू निषाद पर सपा ने जताया भरोसा, इस एक वजह से पार्टी ने खेला दांव

Published: Sun, 14 Apr 2024 04:34 PM (IST)

जयराम पांडेय को टिकट दिया गया। पप्पू निषाद का दोनों बार टिकट काटने के बाद सपा को मेंहदावल में जीत ...और पढ़ें

Lok Sabha Election : पूर्व मंत्री पप्पू निषाद पर सपा ने जताया भरोसा
Lok Sabha Election : पूर्व मंत्री पप्पू निषाद पर सपा ने जताया भरोसा

जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर : मेंहदावल विधानसभा के बेलहर कला के रहने वाले लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपना भरोसा जताया है। उन्हें लोकसभा का टिकट थमाते हुए तमाम रणनीतिकारों को चौंका दिया है। हालांकि लगातार विधानसभा का टिकट कटने के बाद वह दावेदारों की लिस्ट में प्रबल बताए जा रहे थे। लेकिन भाजपा के प्रवीण निषाद को टिकट देने के बाद पप्पू निषाद का टिकट कंफर्म नहीं माना जा रहा था।

लेकिन सजातीय उम्मीदवार पर भरोसा जताकर सपा ने लड़ाई को रोचक बना दिया है। लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद 2012 में मेंहदावल विधानसभा से विधायक रहे। उन्हें अखिलेश यादव सरकार में खाद एवं रसद राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया था। 2016 में उन्हें मंत्री पद से हटाया गया तो सेतु निगम का अध्यक्ष बनाया गया था। इससे पूर्व पप्पू निषाद बेलहर के ग्राम प्रधान व जिला पंचायत सदस्य भी रहे हैं।

उन्होंने अभी तक कोई चुनाव लड़कर हार का मुंह नहीं देखा है। वर्ष 2017 में सपा ने उन्हें प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन अंतिम क्षणों में पप्पू निषाद का टिकट काटकर जयराम पांडेय को टिकट थमा दिया था। वर्ष 2022 में पप्पू निषाद विधानसभा का टिकट मांग रहे थे। लेकिन समाजवादी पार्टी ने उन्हें दोबारा टिकट नहीं दिया।

जयराम पांडेय को टिकट दिया गया। हालांकि पप्पू निषाद का दोनों बार टिकट काटने के बाद सपा को मेंहदावल विधानसभा में जीत नसीब नहीं हुई। जबकि सपा यहां पर पांच बार विधानसभा पर कब्जा जमा चुकी है। इसके साथ ही पप्पू निषाद के परिवार में ब्लाक प्रमुख का पद भी रहा है।

नगर निकाय के चुनाव में उनके परिवार के सदस्य को सपा ने बेलहर कला नगर पंचायत से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया था, लेकिन हार का मुंह देखना पड़ा था। पप्पू निषाद को लोकसभा का टिकट मिलने के बाद बेलहर सहित जनपद में सपाइयों में खुशी देखी जा रही है। प्रत्याशी बनाए जाने के बाद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने उन पर भरोसा जताया है। यह भरोसा वह टूटने नहीं देंगे। जनता की समर्थन की बदौलत सपा के झोली में संतकबीर नगर की सीट डालकर इतिहास रचा जाएगा।