संत कबीरनगर में वकीलों ने कलेक्ट्रेट में घुसकर किया प्रदर्शन, अधिकारियों पर वसूली का लगाया आरोप
खलीलाबाद तहसील के अधिवक्ताओं ने अधिकारियों और कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार व लापरवाही का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें
-1793706087614_m.webp)
खलीलाबाद तहसील के अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया।
HighLights
अधिवक्ताओं ने खलीलाबाद तहसील में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
राजस्व न्यायालयों में पत्रावलियों के गायब होने की शिकायत की।
लेखपालों पर प्राइवेट मुंशी से धनउगाही का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। खलीलाबाद तहसील के अधिवक्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद इन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित मांगों का ज्ञापन डीएम अनुज मलिक को सौंपा। इन्होंने कहा कि खलीलाबाद तहसील के अधिकारी व कर्मचारी अपने दायित्वों का सही से निर्वहन नहीं कर रहे हैं। ये भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। समस्या के जल्द निस्तारण न होने पर धरना-प्रदर्शन करने की बात कही।
अधिवक्ताओं ने कहा कि खलीलाबाद तहसील स्थित राजस्व न्यायालय में कई माह तक पत्रावलियां पड़ी व धूल फांकती रहती हैं। वे पैरवी करते-करते थक जाते हैं। वहीं वादकारी दौड़ते-दौड़ते परेशान होकर तहसील में पल रहे दलालों से संपर्क कर लेते हैं। इनके जरिए उनका अधिकारी,कर्मचारी जल्द काम कर देते हैं। इससे अधिवक्ता व राजस्व न्यायालय की छवि धूमिल हो रही है।
कभी-कभी न्यायालय अथवा कार्यालय से पत्रावली गायब भी हो जाती है। अधिवक्ता के जरिए दाखिल की जाने वाली आपत्तियों को दलालों से रिश्वत लेकर पत्रावली से निकालकर फेंक दिया जाता है। उसके बाद निर्विवाद कहकर आदेश पारित कर दिया जाता है। इस तहसील के लेखपाल नियमों की अवहेलना करते हुए प्राइवेट मुंशी रखकर उनसे धनउगाही करवाते हैं।
अधिवक्ताओं से कारण जाने बगैर याचिका खारिज कर दी जा रही है। उन्होंने डीएम से कहा कि कभी भी वह शाम के छह बजे के बाद खलीलाबाद तहसील की जांच कर लें,सच्चाई सामने आ जाएगी। इस अवसर पर करुणानिधि पाण्डेय,मो.नोमान सिद्दीकी,मो.शाहिद,सिद्धार्थ पाण्डेय,सुरेंद्र कुमार द्विवेदी,केसी पाण्डेय,उदय कुमार,प्रदीप पाण्डेय सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।