आइल फाल्गुन महिनवां..गीत पर झूमे शिक्षक
खलीलाबाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। अध्यापकों व कर्मचारियों ने एक दूसरे को अबीर लगा गले मिले।
संत कबीरनगर: खलीलाबाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। अध्यापकों व कर्मचारियों ने एक दूसरे को अबीर लगा गले मिले। वाद्य यंत्रों पर सामूहिक होली गीत का गान किया गया। आइल फाल्गुन महिनवां.., सखि फाल्गुन आइल..गीत पर शिक्षक झूम उठे। यहां इंद्रेश पांडेय आदि ने फाग गीत गाकर समा बांधा। प्रभु राखो लाज हमारी, खेलत रंग गुलाल-अबीर गाकर लोगों का खूब मनोरंजन किए।
बाजार में उड़ा अबीर-गुलाल
बरदहिया बाजार में रविवार को एक-दूसरे को गुलाल लगाकर व्यापारियों ने होली खेली। शहर और देहात में होली गीत ने माहौल में रस भर दी। कूड़ीलाल रुंगटा सरस्वती विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कालेज खलीलाबाद में बच्चों ने अबीर लगाकर होली खेली। बतौर मुख्य अतिथि सुरेंद्र सिंह ने कहा कि यह पर्व आपस में मिलजुल कर रहने का संदेश देता है। भाष्कर मणि त्रिपाठी ने रचनात्मक समाज के निर्माण के लिए प्रेम व सौहार्द से पर्व मनाने की अपील की। प्रधानाचार्य अनिरूद्ध सिंह ने सभी को एक-दूसरे के जीवन में नए रंग भरने का आह्वान किया। पुरानी तहसील खलीलाबाद में महेश गुप्त ने कहा कि यह पर्व आपस में मिलजुल कर रहने व श्रेष्ठ कर्म करने की प्रेरणा देता है। सिटी पब्लिक स्कूल खलीलाबाद के प्रधानाचार्य शंभू पांडेय ने कहा कि होली सिर्फ रंग-गुलाल खेलने का त्योहार नहीं वरन आपसी भाईचारे एवं प्रेम का पर्व है।