लटकते विद्युत तार से जोखिम में जान
खलीलाबाद शहर में जगह-जगह लटकते तारों के सहारे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। इससे लोगों के जान पर खतरा बना हुआ है। आए दिन तारों के आपस में टकराने से विद्युत आपूर्ति बाधित होती है व शार्ट सर्किट से हादसों का भी डर रहता है।
संत कबीरनगर : खलीलाबाद शहर में जगह-जगह लटकते तारों के सहारे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। इससे लोगों के जान पर खतरा बना हुआ है। आए दिन तारों के आपस में टकराने से विद्युत आपूर्ति बाधित होती है व शार्ट सर्किट से हादसों का भी डर रहता है। इससे निजात पाने के लिए लोग शिकायत कर रहे हैं लेकिन विभागीय अधिकारी इसे नजरअंदाज कर रहे हैं।
नगरपालिका परिषद खलीलाबाद के पश्चिमी बंजरिया पश्चिमी व पूर्वी वार्ड में लटकते बिजली के तारों से खतरा बना हुआ है। जमीन से महज पांच से छह फुट की ऊंचाई पर विद्युत तार दौड़ाकर बिजली की आपूर्ति की जा रही है। इससे हर क्षण खतरे की स्थिति बनी रहती है। घनी आबादी में नागरिक जर्जर तारों के सहारे विद्युत आपूर्ति की जाती है। जमीन पर पड़े तारों से हर क्षण खतरे की स्थिति बनी हुई है। केवल यही नहीं अपितु खलीलाबाद शहर के जलकल रोड, स्टेशनपुरवा, पुरानी तहसील, घोरखल, नेदुला, पटखौली आदि स्थानों पर जर्जर बांस-बल्ली पर बिजली के तार दौड़ाए गए हैं। इसकी वजह से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
जल्द दूर की जाएगी यह समस्या
ईओ नगरपालिका परिषद खलीलाबाद बीना सिंह ने कहा कि वे इस संबंध में बिजली विभाग के एक्सईएन से बात करेंगे। इस समस्या को जल्द दूर करने का प्रयास किया जाएगा।