किसानों के लिए खुशखबरी: यूरिया की छुट्टी करेगा 'ग्रीन अमोनिया', कम खर्च में होगी बंपर पैदावार
ग्रीन अमोनिया को यूरिया के संभावित विकल्प के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें सामान्य यूरिया से अधिक नाइट्रोजन है। इसके प्रयोग से कम खाद में अधिक पैदावार मिलेगी, लागत घटेगी और मिट्टी का स्वास्थ्य सुधरेगा।

ग्रीन अमोनिया की प्रतीकात्मक तस्वीर। स्रोत- इंटरनेट
HighLights
ग्रीन अमोनिया में यूरिया से अधिक 82% नाइट्रोजन होता है।
कम खाद से 10-15% अधिक पैदावार और लागत में कमी।
मिट्टी का स्वास्थ्य सुधारेगा और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देगा।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। ग्रीन अमोनिया (तरल) को यूरिया के संभावित विकल्प के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें करीब 82 प्रतिशत नाइट्रोजन, वहीं सामान्य यूरिया में 46 प्रतिशत नाइट्रोजन होता है। कम मात्रा में ग्रीन अमोनिया का प्रयोग करके अधिक नाइट्रोजन फसल तक पहुंचाया जा सकता है। ऐसा करके खाद के नुकसान को कम किया जा सकता है। फिलहाल उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में 143 एकड़ में परीक्षण चल रहा है। संतकबीरनगर में भी जल्द इसका परीक्षण होगा। इसके सफल होने पर खेती-किसानी में इसका उपयोग किया जाएगा। इससे लागत घटेगी और पैदावार बढ़ेगी।
क्या है ग्रीन अमोनिया?
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान-पूसा, नई दिल्ली में 13 नवंबर 2026 को ग्रीन अमोनिया के इस्तेमाल का सजीव प्रसारण किया गया था। फिलहाल इसका परीक्षण चल रहा है। इसके परिणामों का वैज्ञानिक आकलन किया जा रहा है। यह एक नाइट्रोजनयुक्त रासायनिक पदार्थ है। इसका उत्पादन सौर व पवन ऊर्जा से किया जाता है। इसे सामान्य यूरिया की तरह खेत में ऊपर से नहीं बिखेरा जाता, बल्कि विशेष मशीन से मिट्टी के अंदर पहुंचाया जाता है।
ग्रीन अमोनिया से मिलेंगे ये पांच फायदे
ग्रीन अमोनिया के प्रयोग का परीक्षण सफल होने पर किसानों को प्रमुख रूप से पांच फायदे मिलेंगे। पहला-इसमें नाइट्रोजन की मात्रा अधिक होने से कम मात्रा के उपयोग से ज्यादा नाइट्रोजन मिलेगा। दूसरा-मिट्टी के अंदर इसे पहुंचाने पर नाइट्रोजन का नुकसान कम होगा। तीसरा-फसल को लंबे समय तक नाइट्रोजन मिलने पर बार-बार यूरिया डालने की जरूरत घट सकती है। चौथा-खाद डालने में लगने वाली मजदूरी और समय दोनों घटेंगे। पांचवां-सौर व पवन ऊर्जा जैसी स्वच्छ ऊर्जा से उत्पादन होने से खेती के पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने में मदद मिल सकती है।
10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी पैदावार
ग्रीन अमोनिया के प्रयोग से पैदावार में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। यदि परीक्षणों में इसके परिणाम बेहतर आते हैं तो यह किसानों के लिए किफायती साबित होती है। भविष्य में खाद की लागत घटाने, मिट्टी की सेहत सुधारने व टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने में इसकी अहम भूमिका हो सकती है। इसका सीधा फायदा किसानों को होगा।
इस जिले में भी जल्द इसका परीक्षण होने वाला है। इसके सफल होने पर खेती-किसानी में इसका उपयोग किया जाएगा। इससे किसानों की लागत घटेगी और पैदावार बढ़ेगी। डा.देवेश कुमार, कृषि वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र-बगही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।