बारिश से बदला मौसम, ठंड बढ़ी
ठंड में सार्वजनिक स्थानों पर अलाव न जलने से लोग परेशान हुए।
संतकबीर नगर : मौसम ने फिर करवट ली है। शुक्रवार को बारिश होने से ठंड का तेवर एक बार फिर तीखा हो गया। दो दिन लगातार धूप खिलने से तापमान बढ़ा और गलन कम हो गई थी। सुबह 10 बजे के करीब बूंदा-बांदी से गलन व ठिठुरन तेज हो गई। ऐसे में आम जन को परेशान होना पड़ा।
ठंड में सार्वजनिक स्थानों पर अलाव न जलने से लोग परेशान हुए। कस्बा व ग्रामीण अंचलों में प्रशासनिक व्यवस्था नगण्य साबित हो रही है। नगरपालिका खलीलाबाद क्षेत्र में छह दर्जन से अधिक स्थानों पर अलाव जलाने का दावा खोखला साबित हो रहा है। सुबह मुख्य चौराहा पर ही अलाव जलता दिखा। शिकायत मिलने पर अधिकारियों ने लकड़ी का इंतजाम किया।
हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सर्वाधिक बुरा असर गरीब व मजदूर तबकों पर है। काम न मिलने से दिहाड़ी मजदूरों को समस्या झेलनी पड़ रही है। शहर में चंद्रशेखर तिराहा पर सुबह 11 बजे तक मजदूर काम की तलाश में भटकते रहे। नेहिया के रामधीन, सरैया के तेजू, विमल यादव ने बताया कि इधर ठंड में फांका मारना पड़ रहा है।
ठंड से बचाव के लिए रैन बसेरा में इंतजाम किए गए हैं। नगरपालिका द्वारा खलीलाबाद बाईपास पर पुल के नीचे शेड में व बंजरिया-नेदुला मार्ग पर रैनबसेरा में इंतजाम किया गया। शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने निरीक्षण किया। कहा कि निर्धन, असहाय, बेघर को किसी भी दशा में सड़क पर रात नहीं गुजारनी पड़ेगी। रैन बसेरा में पेयजल, प्रकाश, कंबल, रजाई, बिस्तर व अलाव का समुचित प्रबंध है।
ऐसा रहा तापमान
दिन - अधिकतम - न्यूनतम
-गुरुवार-23.8 - 11.1
-बुधवार-21.0- 07.1
-मंगलवार-19.2 - 04.2
-सोमवार- 14.6 - 05.2
-रविवार -12.5 - 07.7