विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी पर संतकबीरनगर में केस दर्ज, ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी का आरोप

Published: Fri, 15 May 2026 05:42 PM (IST)

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ ब्राह्मण समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में संतकबीर नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी। फोटो- सोशल मीड‍िया

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी। फोटो- सोशल मीड‍िया

जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ ब्राह्मण समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। भाजपा के पूर्व सांसद स्व. शरद त्रिपाठी के पुत्र मृगेंद्र राम त्रिपाठी की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली थाने में दी गई तहरीर में बताया गया है कि गत पांच मई 2026 को नई दिल्ली स्थित जवाहर भवन में एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने ब्राह्मण समाज को लेकर विवादित टिप्पणी की। कार्यक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद ब्राह्मण समाज में नाराजगी फैल गई।

इसी को लेकर भाजपा के मृगेंद्र राम त्रिपाठी ने कोतवाली खलीलाबाद थाने में पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि राजकुमार भाटी ने सार्वजनिक मंच से ब्राह्मण समाज के खिलाफ अभद्र, अशोभनीय और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, जिससे समाज की धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं।

शिकायतकर्ता ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला कृत्य बताते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- 'ब्राहृमण समाज से माफी मांगें अखि‍लेश', मायावती ने कहा- वर्तमान सरकार से भी नाराज हैं ब्राहृमण