मंहगाई को लेकर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
मंहगाई को लेकर सोमवार को जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद्र पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सभी ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित दस सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
संत कबीरनगर: मंहगाई को लेकर सोमवार को जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद्र पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सभी ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित दस सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
प्रवीण चंद्र पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण मंहगाई लगातार बढ़ रही है। आम जनता की जरूरत की चीजें पहुंच से बाहर हो रही हैं। देश की अर्थव्यवस्था भी खराब हुई है। रुपये की कीमत डालर की तुलना में तेजी से कम हो रही है। मंहगाई ने आम आदमी का जीना दुश्वार कर दिया है। इस दौर में भी केंद्र और प्रदेश की सरकार द्वारा विकास के नाम पर लोगों को बरगलाने का कार्य किया जा रहा है। कच्चे तेल का दाम कम होने के बाद भी डीजल पेट्रोल के दाम कम नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की फसलें मौसम की मार से बर्बाद हो चुकी हैं। इसे लेकर उन्होंने डीएम को ज्ञापन दिया। इसमें किसानों को फसलों का मुआवजा देने,मृतक किसानों के परिवार के सदस्यों को 10-10 लाख रूपये सहायता राशि दिए जाने की मांग प्रमुख रही। मौके पर अजय सिंह, सुनील पांडेय, संजय चौरसिया, दिलशाद अहमद, गोपाल मिश्र, विजयकुमार शुक्ल, प्रशांत सिंह, चंद्रप्रकाश पांडेय, राजीव गौड़, विजय गुप्ता, अरुण पांडेय, शांति देवी, महेंद्र कन्नौजिया, रमेश पांडेय समेत अनेक लोग मौजूद रहे।