विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Crime News: संत कबीर नगर में भाई बना हैवान, बहन को पीट- पीटकर ली जान, फिर कब्र खोद दफना दिया शव

By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
Published: Wed, 25 Oct 2023 03:13 PM (IST)

घटना बेलहर थाना क्षेत्र के छोटी अकोल्ही गांव में हुई। हैदराबाद से अचानक घर आए भाई को बहन के घूमने ...और पढ़ें

घटनास्थल पर कब्र से शव निकलते लोग व मौजूद पुलिस। -जागरण
घटनास्थल पर कब्र से शव निकलते लोग व मौजूद पुलिस। -जागरण

जागरण संवाददाता, सांथा (संत कबीर नगर)। जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक भाई ने ही अपनी बहन को मौत के घाट उतारने के बाद दफना दिया। मृतका के पिता ने पुलिस से शिकायत की तो मामले में आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया गया। युवती की लाश कब्र से निकाली गई। पुलिस अब मामले में जांच पड़ताल में जुटी हुई है। आरोपित घटना को अंजाम देकर फरार है। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मचा हुआ है।

यह है पूरा मामला

बेलहर थाना क्षेत्र के छोटी अकोल्ही गांव के निवासी सेराजुलहक पुत्र स्व मोहसिन रजा के तीन बेटे व चार बेटियां हैं। सभी बेटे हैदराबाद में रहकर मजदूरी करते हैं। बीते 20 अक्टूबर को बड़ा बेटा अब्दुल समद पुत्र सेराजुलहक हैदराबाद से घर आया। जहां उसकी बहन नादिया खातून (19 वर्ष) किसी के साथ घूमने चली गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर वह आग-बबूला हो गया। जिसके बाद उसने मारपीट कर युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवती को उसने एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां मंगलवार की भोर में उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

इसके बाद आरोपित भाई ने गांव के बाहर स्थित बाग के कब्रिस्तान में उसे दफना दिया। मारपीट की जानकारी पिता सेराजुलहक को हो गई थी। जिसके बाद वह घर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपित शव को दफना दिया था। मृतका के पिता ने उक्त घटना की जानकारी बेलहर पुलिस को देकर कार्रवाई करने की मांग किया। जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन किया।

नायब तहसीलदार हरेराम यादव, एसओ संध्या रानी तिवारी, हल्का लेखपाल राहुल श्रीवास्तव, ग्राम प्रधानपति मोहम्मद असलम की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बेलहर पुलिस ने आरोपित अब्दुल समद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करके घटना की छानबीन शुरू किया है।

क्या कहती है पुलिस

तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। शव को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से बाहर निकलवाया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच पड़ताल के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

संध्या रानी तिवारी, थानाध्यक्ष, बेलहर।