भाकियू ने लगाई पंचायत, गिनाईं समस्याएं
भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के सामने पंचायत आयोजित करने के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। सभी ने गन्ने का मूल्य बढ़ाए जाने जिले में नई चीनी मिल स्थापित करवाने के साथ ही बंद पड़ी कताई मिल को संचालित करवाने की मांग की।
संतकबीर नगर: भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के सामने पंचायत आयोजित करने के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। सभी ने गन्ने का मूल्य बढ़ाए जाने, जिले में नई चीनी मिल स्थापित करवाने के साथ ही बंद पड़ी कताई मिल को संचालित करवाने की मांग की।
पंचायत को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है। इसके बाद भी यहां किसान कर्ज के बोझ से दबकर आत्महत्या के लिए मजबूर हो रहे हैं। गन्ने का उत्पादन करने के बाद भी किसानों को इसकी बिक्री करने के लिए भटकना पड़ता है। अभी तक दूसरे जिलों की मिलों से किसानों को बकाया भुगतान नहीं मिल सका है। गोआश्रय स्थलों को बनवाने के बाद इसका संचालन सिर्फ कागजी साबित हो रहा है। बेसहारा पशुओं की बड़ी संख्या से किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए रात भर जागने को मजबूर होना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष पं. जनार्दन मिश्र ने कहा कि समस्याओं को लेकर जल्द ही यदि ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इसे लेकर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सीएम को संबोधित 13 सूत्रीय ज्ञापन डीएम को सौंपा। मौके पर दीवान चंद्र चौधरी, राम सिंह किसान, रणजीत सिंह, सुरेश यादव, सुबाष चंद्र जिलाध्यक्ष बस्ती, मिथिलेश यादव जिलाध्यक्ष आजमगढ़, जयराम चौधरी जिलाध्यक्ष बस्ती, इश्तियाक अहम जिलाध्यक्ष सिद्धार्थनगर, रमाशंकर यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।