धूप ऐसी, जैसे आसमान से बरस रही हो आग
संतकबीर नगर : अप्रैल माह में मौसम ऐसा हो गया है कि दोपहर में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया
संतकबीर नगर : अप्रैल माह में मौसम ऐसा हो गया है कि दोपहर में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। लोग चिलचिलाती धूप से बेहाल हैं। लगन के बाद भी बाजार व सड़कों पर सन्नाटा है। मजबूरी में घर से निकलने वाले लोग खुद को पूरी तरह से कपड़ों से ढककर निकल रहे हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 37 के करीब पहुंच गया।
चैत्र में ही जेठ जैसी गर्मी पड़ रही है। सुबह 10 बजते ही सूरज की किरणें चुभने लग जा रही हैं। 11 बजे के बाद से ही आग बरसना शुरू हो जाती है। जो शाम साढ़े पांच बजे तक रह रही है। दोपहर में बाहर निकला दुश्वार हो रहा है। उमस बढ़ने से लोगों को बहुत परेशानी उठानी पड़ रही है। इन दिनों जिला संयुक्त चिकित्सालय, सीएचसी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की तादात बढ़ गई है। यही स्थिति निजी चिकित्सालयों पर देखी जा रही है।
--
गर्मी के समय अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए। धूप से आने बाद तुरंत न तो पानी पीएं न ही खाना खाएं। शरीर ठंडा होने के बाद ही कुछ खाना-पीना श्रेयस्कर है। बाहर निकलते समय सिर ढकने के साथ नाक-मुंह व नाक ढक लेना चाहिए। आंखों के बचाव के लिए चश्मा का प्रयोग करना चाहिए। खाने में खीरा, तरबूजा, लौकी व हरी सब्जी का अधिक से अधिक सेवन करना चाहिए।
- डा. एके सिन्हा, वरिष्ट चिकित्साधिकारी, जिला संक्रामक रोग
-----
यूं बढ़ता गया तापमान
- सोमवार 35.8 अधिकतम , 21.0 न्यूनतम डिग्री सेल्सियस
-रविवार 33.3 अधिकतम, 23.9 न्यूनतम
-शनिवार 33.7 अधिकतम, 23.5 न्यूनतम
-शुक्रवार 33. 3 अधिकतम, 23.4 न्यूनतम
- गुरुवार 32.8 अधिकतम 25.2 न्यूनतम
-बुधवार 35.2 अधिकतम 26.6 न्यूनतम
-------------