कोहरे के साथ सर्दी का सितम जारी
जेएनएन सम्भल रात में कोहरे के साथ शीतलहर तथा दिन में छा रहे बादलों की वजह से ठंड क
जेएनएन, सम्भल : रात में कोहरे के साथ शीतलहर तथा दिन में छा रहे बादलों की वजह से ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। अचानक मौसम में आए बदलाव ने लोगों को ठंडक का एहसास करा दिया है। इस मौसम में आए बदलाव की वजह से सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ था। जबकि अधिकांश लोग अपने घरों में बैठे हुए थे। इसके साथ ही सड़कों व घरों के साथ साथ जहां तहां लोग अलाव जलाकर अपने आप को गर्म रखने का प्रयास कर रहे थे।
कुछ दिनों से मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है, जिसमें कभी ठंड तो कभी कोहरे व शीतलहर से आम जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है। बदल रहे मौसम के दौरान दिन में बादल छा रहे है तो रात में कोहरा लोगों की परेशानियों को बढ़ा रहा है। शुक्रवार की रात को अचानक से कोहरे की गहरी चादर छा गई थी। ऐसे में शनिवार की सुबह से बादल छाए हुए थे, जिसके साथ साथ चल रही शीतलहर के कारण लोगों को गलन का एहसास हो रहा था। गलन के साथ बढ़ी ठंड के कारण एक ओर तो सड़क पर सन्नाटा पसरा हुआ था तो वही दूसरी ओर अधिकांश लोग घरों में रहे। जहां लोग घरों में कंबल व लिहाफ के सहारे ठंड से बचने का प्रयास करते हुए उसमें दुबके नजर आ रहे थे। खासकर बच्चे व बुजुर्गों को ठंड से बचने के लिए स्वजन द्वारा कहा जा रहा था। ठंड के बढ़ते प्रकोप की वजह से लोग सड़क किनारे जहां तहां अलाव का सहारा लेते हुए बचने का प्रयास कर रहे थे। ठंड की वजह से हाइवे पर वाहनों के चालक हेडलाइट जलाकर चल रहे थे, जिससे सामने से आ रहे वाहन के चालक को वाहन दिखाई दे सके।