यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 17, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
संभल में मंदिर के पास वाले कुएं की खोदाई में क्या-क्या मिला? देखते ही सभी हुए हैरान, बढ़ती चली गई भीड़
संभल के खग्गू सराय में एक प्राचीन मंदिर और कुएं की खोदाई के दौरान संगमरमर की तीन देव मूर्तियां मिलीं। ...और पढ़ें

HighLights
- प्राचीन मंदिर के पास कुएं की खोदाई में मिली तीन देव मूर्तियां
- पुलिस ने सभी मूर्तियों को अपने पास किया संरक्षित, होगी जांच
संवाद सहयोगी, संभल। शहर में लगातार कुछ न कुछ नया सामने आ रहा है। शनिवार को 46 साल पुराना मंदिर मिला तो सोमवार को मंदिर के पास स्थित कुंआ की खोदाई के दौरान उसमें देव मूर्तियां निकलीं। मूर्तियां निकलने की जानकारी होने के बाद मौके पर भीड़ बढ़ती चली गई। कुआं में 22 फीट तक खोदाई होने के बाद मिलीं तीनों मूर्तियों को पुलिस प्रशासन ने सुरक्षित रख लिया है। मूर्तियां कितनी पुरानी हैं इसकी जांच पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग से कराई जाएगी।
शनिवार को दीपा सराय से सटे मुस्लिम वाहुल्य क्षेत्र खग्गू सराय में डीएम डा. राजेंद्र पैंसिया ओर पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के नेतृत्व में बिजली चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान वहां एक प्राचीन मंदिर बंद पड़ा होने की जानकारी कुछ लोगों ने अफसरों की दी थी। इस पर मंदिर की जर्जर हालत देख उसका दरवाजा तोड़ा गया।
पुलिस अधिकारियों ने की मंदिर की सफाई
देखा तो वहां नंदी के साथ शिवलिंग विराजमान होने और हनुमान जी आदि देवप्रतिमाएं नजर आई। मंदिर की सफाई पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई तो उसमें उसमें कुछ पुराने सिक्के व दानपात्र भी मिला। जानकारी करने पर पता चला कि इस इलाके में कुछ हिंदू परिवार रहते थे, लेकिन 1978 के सांप्रदायिक दंगे के बाद वे यहां से पलायन कर गए थे। मुस्लिम वाहुल्य इलाका होने के कारण किसी ने भी मंदिर में आने का साहस नहीं किया।

संभल के एजेंटी तिराहे पर कुंआ को देखता पुलिस कर्मी। जागरण
मंदिर के पास ही एक बने एक चबूतरा के नीचे कुआं होने की जानकारी हुई तो इसकी खोदाई कराई गई। शिनवार से ही चल रही खोदाई के चलते सोमवार को कुआं में सुबह लगभग साढ़े दस बजे खोदाई में लगे मजदूरों को एक संगमरमर की मूर्ति मिली। इसके बाद दूसरी मूर्ति मिली। इसके बाद 11:30 बजे मलबे में तीसरी मूर्ति दिखाई दी। सभी मूर्तियों को बाहर निकाला गया। एएसपी श्रीशचंद्र ने तीनों मूर्तियों को अपने कब्जे में ले लिया।

खोदाई के दौरान कुंए से निकलीं देव प्रतिमा। जागरण
वही मूर्तियां मिलने की खबर फैली तो उत्सुकता में लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। हर हर महादेव और जय श्री राम के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। एएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया संगमरमर की जो मूर्ति है वह कार्तिकेय की लग रही है, जो खंडित भी है, वहीं दूसरी मूर्ति श्री गणेश और तीसरी माता लक्ष्मी जी की प्रतीत हो रही है। यह मूर्तियां कितनी पुरानी है और इसका क्या महत्व है, यह जानने के लिए इन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।

संभल के खग्गू सराय में खोदाई के दौरान कुंए से निकलीं देव प्रतिमाओं को देखते एएसपी श्रीश्चंद्र। जागरण
पांच से सात इंच के बीच हैं तीनों मूर्तियां
मंदिर के नजदीक कुएं की खोदाई सुबह आठ बजे से चल रही है। फावड़े से कुएं के अंदर मजदूर मिट्टी को खोदकर रस्सी के सहारे कट्टे से बाहर निकाल रहे थे। जब 22 फीट तक खोदाई हुई तो पहली संगमरमर की मूर्ति निकली। इसके बाद खोदाई होती गई और मिट्टी के अंदर से लगातार तीन देव मूर्तियां निकल आईं। जिसे देख सभी अचंभित थे। यह सभी मूर्तियां लगभग पांच से सात इंच के करीब की हैं।
एजेंटी तिराहे के नजदीक मिला एक ओर प्राचीन कुआं
सपा विधायक के आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर एजेंटी तिराहा के नजदीक स्थित एक खोखे के पीछे कुआं दिखाई दिया है। प्रशासन को जब इसकी जानकारी हुई तो एसडीएम वंदना मिश्रा मौके पर पहुंची और कुएं के आसपास से अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए। साथ ही पालिका की टीम को कुएं की साफ-सफाई करने के भी आदेश दिए। मालूम हो कि प्रशासन लगातार प्राचीन कुओं की खोज कराके उनके जीर्णाेद्धार और उन्हें सरंक्षित करने के प्रयास में जुटा है। इसी क्रम में शहर में लगातार कुओं की खोज की जा रही है।
