जरूरी: गांव-गांव चलेगा सुरक्षा जागरूकता अभियान
चन्दौसी: महिला सुरक्षा की जागरूकता फैलाने के लिए अब गांव-गांव जाकर अभियान चलाया जाएगा। इस संबं
चन्दौसी: महिला सुरक्षा की जागरूकता फैलाने के लिए अब गांव-गांव जाकर अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक ने एसपी को आदेश जारी किए हैं। 1090 हेल्पलाइन की जिला कोआर्डिनेटर की मदद से सम्भल जनपद में चार से नौ दिसंबर तक अभियान चलाया जाएगा। इसमें स्कूली छात्राओं को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सरकार महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर है, जिसके चलते महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। नारी सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत जोनल, परिक्षेत्र एवं जनपद स्तर पर तथा जनपदों में सर्किल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी स्तर पर दो-दो स्थानों पर सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम अवश्य कराए जाएंगे। सम्भल जनपद में 1090 हेल्पलाइन की जिला कोआर्डिनेटर संगीता भार्गव के सहयोग से चार दिसंबर से अभियान चलाया जाएगा। चार दिसंबर को आरआरके स्कूल, पांच दिसंबर को गुमथल गांव, सम्भल के एमजीएम कॉलेज, बाल विद्या मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा छह दिसंबर को कैथल गांव, सात दिसंबर को बबराला के डीएवी कॉलेज, आठ दिसंबर को बीएमसी इंटर कॉलेज तथा नौ दिसंबर को अक्रूरजी कन्या पाठशाला में महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।