श्मशान घाट की भूमि पर निर्माण कार्य रुकवाया
चन्दौसी : करेली रोड स्थित श्मशान घाट की भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर शुक्रवार क
चन्दौसी : करेली रोड स्थित श्मशान घाट की भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर शुक्रवार को विवाद उभर आया। एक पक्ष की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामले की जानकारी ली और निर्माण कार्य रुकवा दिया। गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन कर आक्रोश जाहिर किया।
बता दें कि करेली रोड पर स्थित श्मशान घाट की अतिरिक्त भूमि पर दसवां आदि संस्कार के लिए निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते शुक्रवार की सुबह उक्त भूमि पर राजमिस्त्री और मजदूर काम कर रहे थे। वहीं पड़ोसी प्लाट स्वामी ने निर्माण कार्य पर आपत्ति जाहिर करते हुए कोतवाली पुलिस को खबर कर दी जिस पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस पर गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन किया। मानव सेवा समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र ने बताया कि उक्त भूमि श्मशान की है। दसवां आदि संस्कार के लिए अतिरिक्त पड़ी श्मशान घाट की भूमि पर निर्माण कराया जा रहा है। कुछ लोग श्मशान घाट की भूमि पर कब्जा करना चाहते हैं। जिससे निर्माण नहीं होने दे रहे। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर गई थी। निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।