विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल : गंगा में नहाते समय तीन किशोर डूबे, एक लापता, जुनावई के असदपुर गंगाघाट का मामला

Published: Tue, 14 Jul 2026 10:02 PM (IST)

संभल के जुनावई थाना क्षेत्र में असदपुर के जंगल में पशु चराने गए तीन किशोर गंगा में नहाते समय डूबने ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. असदपुर गंगाघाट पर तीन किशोर गंगा में डूबे।

  2. एक ग्रामीण ने दो किशोरों को बचाया, एक लापता।

  3. लापता किशोर सुमित की तलाश में पुलिस-अग्निशमन।

जागरण संवाददाता, जुनावई (संभल)। जुनावई थाना क्षेत्र में असदपुर के जंगल में पशुओं को चराने गए तीन किशोर अत्यधिक गर्मी लगने पर गंगाघाट पर गंगा में नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने पर डूब लगे। पास में ही पशु चरा रहे ग्रामीण ने गंगा में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत कर दो किशोरों को बाहर निकाल लिया लेकिन एक का पता नहीं चल सका। पुलिस और अग्निशमन विभाग भी मौके पर पहुंच गए। किशोर की तलाश जारी रही।

गांव असदपुर के सुमित, देवू और विकास मंगलवार को दोपहर करीब तीन बजे पशुओं का चराने के लिए गांव असदपुर के ही जंगल में गए थे। यहीं पर गंगाघाट भी है और गंगा भी गुजर रही है। अत्यधिक गर्मी लगने पर तीनों गंगा में नहाने लगे। नहाते वक्त तीनों किशोर गंगा में डूबने लगे। यह नजारा गांव असदपुर के ही पशु चरा रहे जगतपाल ने देखा तो गंगा में छलांग लगा दी।

स्वजन, पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी पहुंचे

जगतपाल ने प्रयास करके देवू और विकास को तो बाहर निकाल लिया लेकिन सुमित गंगा ही धार में बह गया। सूचना मिलने पर स्वजन, पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी पहुंच गए। जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से सुमित की तलाश की जाने लगी। बताते चलें कि सुमित गांव असदपुर के ही उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा छह का छात्र है।

उसके गंगा में बह जाने पर मां पुष्पा, पिता दिनेश, बड़े भाई सुशांत और छोटी बहन राधा का रो-रो कर बुरा हाल रहा। वहीं देवू और विकास को स्वजन घर ले गए। थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि गंगा में तीन किशोर डूबे थे, जो पशुओं का चराने के लिए गए थे। एक व्यक्ति ने दो किशोरों को बचा लिया जबकि एक किशोर लापता है। उसकी तलाश की जा रही है। एनडीआरएफ टीम को सूचना दी गई है।