सम्भल में सौतेली मां ने रुपयों के लालच में बेच डाली तीन-तीन बेटियां
किशोरी ने आरोप लगाया कि सौतेली मां ने ताई के साथ मिलकर राजस्थान के 50 वर्षीय बुजुर्ग से तीन लाख में सौदा कर शादी करा दी। उसका धर्म परिवर्तन भी हुआ।
सम्भल (जेएनएन)। सौतेली मां ने ताई के साथ मिलकर तीन नाबालिग बेटियों को आठ वर्ष पूर्व तीन-तीन लाख रुपये में राजस्थान में सौदा किया था। इसके बाद तीनों का धर्म परिवर्तन हुआ और शादी। अब दो बेटियां मां भी बन गईं। आठ साल नर्क जैसी जिंदगी जीने के बाद किसी तरह ससुरालियों के चंगुल से निकलकर बड़ी बेटी सम्भल पहुंचीं और पुलिस को तहरीर दी।
नखासा थाना क्षेत्र के एक मुहल्ला निवासी एक व्यक्ति ट्रक चालक है। आठ वर्ष पूर्व उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। किशोरी ने पुलिस को बताया कि उस समय उसकी उम्र आठ वर्ष थी। मां की मौत के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली। सौतेली मां उन्हें जंजीरों से बांधकर एक कमरे में रखती थी। किशोरी ने आरोप लगाया कि सौतेली मां ने ताई के साथ मिलकर राजस्थान के 50 वर्षीय बुजुर्ग से तीन लाख में सौदा कर शादी करा दी। उसका धर्म परिवर्तन भी हुआ।
उसके जाने के बाद दो बहनों को भी तीन-तीन लाख रुपये में एक ही गांव में अलग-अलग लोगों को बेचा गया। जहां इनकी हर दिन बोली लगाई जाने लगी। किशोरी ने बताया कि इन आठ साल में उसने चार बच्चों को जन्म दिया, जिसमें दो की मौत हो गई। उससे छोटी बहन ने भी एक बच्चे को जन्म दिया। पीडि़ता ने बताया कि दो दिन पहले उसने अपने पति से तबीयत खराब का बहाना किया और घर से निकल भागी।
इसके बाद किसी तरह सम्भल पहुंची। सोमवार दोपहर वह अपनी सबसे छोटी बहन के साथ थाने पहुंची और सीओ सम्भल को तहरीर दी। यह भी बताया कि सौतेली मां अब चौथी बहन का भी सौदा करने की तैयारी कर रही है। सीओ सुदेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।