एसपी ने किया पैदल मार्च, शांति से त्योहार मनाने की अपील की
चन्दौसी (सम्भल) ईद मिलादुन्नबी के त्योहार को देखते हुए पुलिस शुक्रवार को सुबह से ही सतर्क रही।
चन्दौसी (सम्भल) : ईद मिलादुन्नबी के त्योहार को देखते हुए पुलिस शुक्रवार को सुबह से ही सतर्क रही। मुस्लिम मुहल्लों के साथ मस्जिदों पर पुलिस कर्मियों को लगाया गया। एसपी ने शहर में पैदल मार्च कर लोगों से भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का आह्वान किया। साथ ही भीड़ एकत्र करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
ईद मिलादुन्नबी को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। सुबह से ही सम्भल गेट, कुरैशियान, जारई गेट, सीकरी गेट नगर के अन्दर, प्रमुख चौराहों पर पुलिस व पीएसी के जवानों को तैनात किया जाएगा। साथ ही एसपी यमुना प्रसाद, एसडीएम महेश प्रसाद, सीओ अशोक कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ नगर में शुक्रवार को फव्वारा चौक से पुलिस बल के साथ पैदल मार्च शुरू किया। जहां से जारई गेट, मुरादाबाद गेट, घंटाघर तक मार्च किया। इस दौरान लोगों से कहा कि कोई भी व्यक्ति भीड़ एकत्र करने का प्रयास न करें। कोरोना के चलते इस बार जुलूस निकालने की अनुमति नहीं है। ऐसे में कोई भी जुलूस न निकालें। सभी लोग मिलजुलकर भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं।