नया सियासी दांवः मंदिर आंदोलन में कूद पड़े शिवपाल यादव
शिवपाल सिंह यादव ने संभल में चल रहे कल्कि महोत्सव में कल्कि में मंदिर बनाने की मांग की है। उद्घाटन समारोह के बाद शिवपाल ने कहा कि मंदिर न बने यह तो समझ से परे है।
संभल (जेएनएन)। अयोध्या में राम मंदिर बनाने की चर्चा के शोर के बीच में अब अखिलेश यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे शिवपाल सिंह यादव भी कूद पड़े हैं। इटावा के जसवंतनगर से समाजवादी पार्टी के विधायक शिवपाल सिंह यादव इन दिनों पार्टी में हाशिए पर हैं।
शिवपाल सिंह यादव ने संभल में चल रहे कल्कि महोत्सव में कल्कि में मंदिर बनाने की मांग की है। कल्कि महोत्सव के कल उद्घाटन समारोह के बाद शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से वार्ता में कल्कि मंदिर के निर्माण के सवाल पर कहा कि जिस धरती पर श्री कल्कि का अवतार होना है। वहां मंदिर न बने यह तो समझ से परे है। प्रदेश में तो संतों की सरकार है ऐसे में यहां पर तो मंदिर तो बनना ही चाहिए। शिवपाल यादव ने कहा कि कलयुग में जहाँ भगवान कल्कि का जन्म हुआ है। वहां पर सुंदर और भव्य जगह का निर्माण हो मगर कुछ लोग इसमें रुकावट पैदा कर रहे हैं।
शिवपाल यादव ने कहा कि अब तो समाजवादी पार्टी में कोई भी विवाद नहीं है। मैं आज भले किसी पद पर नहीं हूं लेकिन मैं समाजवादी पार्टी का सच्चा सिपाही हूं। खुलकर बोलते हुए उन्होंने कहा कि किस परिवार में विवाद नहीं होता है। मेरे परिवार में भी विवाद था। जहां चार बर्तन रहते हैं वहां खटकते जरूर हैं। हमारे यहां भी ऐसा था लेकिन अब सब कुछ सही है।
प्रदेश में भाजपा सरकार पर उन्होंने कहा कि हमारी एकता जब खंडित हुई तो उनको सीधा लाभ मिला और प्रदेश में उनकी सरकार बन गई। अब ऐसा नहीं होगा। अगला चुनाव समाजवादी पार्टी एकता के साथ लड़ेगी और मैं भी एक सिपाही की तरह रहूंगा।
उन्होंने ताजमहल पर योगी के झाडू लगाने को लेकर कहा कि सफाई जरूरी है। होनी भी चाहिए, लेकिन यह सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। शिवपाल यादव ने कहा कि हमें युद्ध जीतने के लिए सिर्फ भगवान श्री कृष्ण की जरूरत है। युद्ध का मतलब उनका बीजेपी से था या अखिलेश से ये उन्होंने नहीं बताया। शिवपाल यादव ने कहा कि भगवान का आशीर्वाद रहा तो हम फिर से अपनी सरकार बना कर रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनते ही कल्कि धाम बनाने की मुश्किलें भी दूर हो जायेंगी। इसके बाद उन्होंने कहा कि अभी मैं जिंदा हूं और अब तक बूढ़ा भी नहीं हुआ हूं।
इससे पहले बुधवार सुबह कल्कि महोत्सव का भव्य शुभारंभ हवन-पूजन के साथ हुआ। जिसमें सुमेरू पीठ के पीठाधीश्वर नरेंद्रानंद सरस्वती महाराज और कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आहुति डाली।
छह दिसंबर को अयोध्या कूच करेंगे
हिंदू महासभा के अध्यक्ष चक्रपाणि महाराज ने कहा कि अब तो केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है तो मंदिर क्यों नहीं बन रहा है। अयोध्या में यदि श्रीराम का मंदिर नहीं बन रहा है तो इसकी जिम्मेदार भाजपा ही है। जब कोर्ट ने कहा कि आपसी बातचीत से मामला सुलझा लें तो भाजपा के सुब्रह्मणयम स्वामी ने कानून बनाने की बात कहकर मामले को उलझा दिया।
भ्रष्टाचार हटाने के नाम पर बनी सरकार में बढ़ा कमीशन
सुमेरू पीठ के पीठाधीश्वर नरेंद्रानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि प्रदेश तथा देश भ्रष्टाचार को हटाने के नाम पर बनी प्रदेश की भाजपा सरकार में दो से तीन मंत्री ऐसे हैं जो सीधे कमीशन खोरी में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या मामले में जन्म भूमि को तीन बराबर हिस्सों में बांटने का निर्णय भी इसी तरह से दिया गया था जो समझ से परे था।