तीन लोगों की हत्या करने वाला दूसरा आरोपित गिरफ्तार
जेएनएन सम्भल डेढ़ माह के अंदर दो महिलाओं व एक युवक की हत्या करने वाले दूसरे आरोपित को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके कब्जे से तमंचा कारतूस सोने के जेवर और एक ई-रिक्शा बरामद किया है। जबकि एक आरोपित को पुलिस छह दिन पहले जेल भेज चुकी हैं।
जेएनएन, सम्भल: डेढ़ माह के अंदर दो महिलाओं व एक युवक की हत्या करने वाले दूसरे आरोपित को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, सोने के जेवर और एक ई-रिक्शा बरामद किया है। जबकि एक आरोपित को पुलिस छह दिन पहले जेल भेज चुकी हैं।
26 नवंबर वर्ष 2021 को गांव फुलसिघा के जंगल में एक शव बोरे में भरा हुआ मिला था। इसकी शिनाख्त शाकिब पुत्र अकरम निवासी पीला खदाना सरायतरीन के रूप में हुई। उसके बाद 30 दिसंबर वर्ष 2021 को थाना कैलादेवी क्षेत्र के गांव मूसापुर के जंगल में बोरे में भरा शव मिला था। इसकी शिनाख्त शहाना पत्नी वसीर निवासी रुकनुद्दीन सराय थाना नखासा के रूप में हुई। तीसरा शव महिला का नखासा थाना क्षेत्र के चंदावली इंटर कालेज के पास सम्भल-हसनपुर मार्ग किनारे खंदक में 6 जनवरी को पड़ा मिला था। इसकी शिनाख्त दो दिन बाद नाजमीन उर्फ गब्बर पुत्री जफर इकबाल के रूप में हुई थी। तीनों शवों को नग्न करके हाथ पैर बांधकर बोरे में भरकर फेंका गया था। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपित फहीम उर्फ बाबा को 21 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि फूल उर्फ जैनअल निवासी मुहल्ला कोट गर्वी फरार चल रहा था। इसे नखासा पुलिस ने 26 जनवरी को मुरादाबाद रोड से गिरफ्तार कर लिया। इसके कब्जे से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, ई-रिक्शा और जेवर बरामद किए है। प्रभारी निरीक्षक ओमकार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित का चालान कर दिया है। जांच की जा रही है। आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।