विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल में 48 साल बाद बदला इतिहास: 1978 के दंगों के बाद बनी पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव, पहली बार IPS तैनात

Published: Sat, 17 Oct 2026 12:06 AM (IST)

संभल में 48 साल बाद पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव हुआ है, जहां पहली बार अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के ...और पढ़ें

आईपीएस सुमित रामटेके। सौ. स्वयं

 आईपीएस सुमित रामटेके। सौ. स्वयं

HighLights

  1. आईपीएस सुमित रामटेके ने 24 सितंबर को ग्रहण किया कार्यभार, अब तक पीपीएस अधिकारी संभालते रहे जिम्मेदारी

सौरव प्रजापति, संभल। दंगों का इतिहास, सांप्रदायिक तनाव की चुनौती और कानून-व्यवस्था की संवेदनशीलता। इन परिस्थितियों के बीच संभल शहर की पुलिस व्यवस्था में पहली बार बड़ा बदलाव हुआ है। वर्ष 1978 के दंगे के बाद यहां अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) का पद सृजित किया गया था। तब से इस पद पर प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) के अधिकारी तैनात होते रहे।

मगर, अब पहली बार भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईपीएस सुमित रामटेके ने 24 सितंबर को कार्यभार ग्रहण किया। वह कानपुर से स्थानांतरित होकर संभल आए हैं।

यह बदलाव किसी नए पद के सृजन का नहीं, बल्कि एएसपी पद पर अधिकारी की सेवा का है। शहर में एएसपी का पद पहले से मौजूद है। फर्क यह है कि अब तक इस पद पर पीपीएस अधिकारी तैनात होते थे, जबकि पहली बार आईपीएस अधिकारी को जिम्मेदारी मिली है।

दंगों के लंबे इतिहास और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के बीच यह तैनाती पुलिस प्रशासन की व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव मानी जा रही है। संभल में सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं लंबे समय से पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती रही हैं।

28 फरवरी 1976 को हुए बवाल के बाद शहर में करीब एक महीने तक कर्फ्यू जैसे हालात बने रहे थे। इसके बाद वर्ष 1978 में भी दंगा हुआ। इन घटनाओं के बाद शहर में कानून-व्यवस्था की निगरानी के लिए एएसपी का पद सृजित किया गया।

हालांकि, इसके बाद भी तनाव की घटनाओं पर पूरी तरह विराम नहीं लग सका। 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा ने एक बार फिर शहर की संवेदनशीलता को उजागर किया।

फरवरी 2024 में संभल जिले में उत्तरी और दक्षिणी, दो पुलिस डिवीजन बनाए गए। संभल शहर उत्तरी डिवीजन में आता है। इसके बाद यहां तीन एएसपी तैनात रहे। आईपीएस सुमित रामटेके का दावा है कि वह बतौर आईपीएस पहली बार संभल शहर में तैनात किए गए हैं।

1998 से 2024 तक 19 पीपीएस अधिकारी रहे तैनात

वर्ष 1978 से 1998 तक संभल शहर में तैनात रहे एएसपी का पूरा ब्योरा पुलिस अभिलेखों में उपलब्ध नहीं है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 1998 से 2011 तक 13 पीपीएस अधिकारी इस पद पर तैनात रहे। उस समय संभल मुरादाबाद जिले का हिस्सा था।

वर्ष 2011 में भीमनगर जिला बना और 2012 तक दो अधिकारी एएसपी रहे। बाद में जिले का नाम संभल कर दिया गया। वर्ष 2012 से 2024 तक चार एएसपी ने जिम्मेदारी संभाली। इस तरह 1998 से 2024 के बीच 19 पीपीएस अधिकारी इस पद पर तैनात रहे।

यह भी पढ़ें- संभल हिंसा मामला: 'धमाके, काला धुआँ और पथराव...', गवाह विष्णु शंकर जैन ने कोर्ट में बयाँ किया उस खौफनाक दिन का सच!