विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल हादसा: ट्रैक्टर का एक्सल टूटने से ट्राली पलटी, अंतिम संस्कार में जा रहीं 3 महिलाओं की मौत, 4 घायल

Published: Mon, 14 Sep 2026 03:40 PM (IST)

संभल में अंतिम संस्कार में जा रही ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए।

सड़क पर पड़ा क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर

सड़क पर पड़ा क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर

संवाद सहयोगी, संभल। अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली हजरतनगर गढ़ी के पास हादसे का शिकार हो गई। गांव फतेहउल्लाह गंज के पास अचानक ट्रैक्टर का एक्सल टूटने से ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। ट्राली में सवार 18 से 20 लोगों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से ट्राली के नीचे और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला।

असमोली के गांव पैतिया माफी निवासी ग्रामीण मुरादाबाद के मैनाठेर अंतर्गत गांव लदुपुरा निवासी सोमपाल के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। सभी लोग गांव के ही विजयपाल की ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर लदुपुरा के लिए निकले थे।

जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राली हजरतनगर गढ़ी में गांव फतेहउल्लाह गंज के पास पहुंची, तभी अचानक ट्रैक्टर का एक्सल टूट गया। इससे ट्राली अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और ट्राली में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में 50 वर्षीय चंद्रादेवी, 55 वर्षीय ममता और ओमवती की मौत हो गई। चार लोग घायल बताए गए हैं।

पुलिस ने मृतकों के शव जिला अस्पताल भेज दिए, जबकि घायलों को उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल भेजा गया। हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम विकास चंद्र और सीओ कुलदीप कुमार भी जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। साथ ही प्रशासनिक स्तर पर दी जाने वाली मदद का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेसवे: रंबल स्ट्रिप बनी हादसों की वजह! झपकी आते ही संभलने का मौका भी नहीं, 4 माह में 12 गाड़ियां पलटीं