संभल सपा में टिकट विवाद: बर्क परिवार और इकबाल महमूद के बीच 2027 चुनाव को लेकर छिड़ी जंग
संभल में सपा के भीतर 2027 विधानसभा चुनाव के टिकट को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है, जिसमें सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता और विधायक इकबाल महमूद आमने-सामने हैं।

इकबाल महमूद और ममलुकुर्रहमान। फाइल फोटो
HighLights
संभल में सपा के 2027 विधानसभा टिकट पर घमासान।
सांसद के पिता और विधायक इकबाल महमूद आमने-सामने।
2009 के टिकट कटवाने का आरोप, पुरानी अदावत उजागर।
सौरव प्रजापति, संभल। समाजवादी पार्टी में 2027 के विधानसभा चुनाव के टिकट को लेकर छिड़ी सियासी खींचतान अब 2009 के लोकसभा चुनाव तक पहुंच गई है।
सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क ने विधायक इकबाल महमूद पर पूर्व सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क का टिकट कटवाने का आरोप लगाया तो विधायक ने भी इससे इनकार करने के बजाय पुरानी सियासी अदावत का हवाला दे दिया। इकबाल ने स्वीकार किया कि 2009 में उन्होंने डॉ. बर्क का टिकट कटवाया था, लेकिन कहा कि उस समय दोनों परिवारों के बीच राजनीतिक दुश्मनी थी।
समाजवादी पार्टी में घमासान
दरअसल, संभल विधानसभा-33 के टिकट को लेकर समाजवादी पार्टी में घमासान मचा हुआ है। इधर, सात बार के विधायक इकबाल महमूद अपने पुत्र सुहैल इकबाल के लिए टिकट मांग रहे हैं तो उधर, सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क भी टिकट मांग रहे हैं।
हाल ही में सांसद ने भी यह एलान किया है कि अगर, उनके वालिद को टिकट पार्टी हाइकमान देता है तो वह उन्हें पूरे जोर से चुनाव लड़ाएंगे। सांसद के बयान के बाद विधायक इकबाल महमूद का बयान भी सामने आया था, जिसमें वह 2024 में डॉ. बर्क के निधन के बाद दोनों परिवारों में समझौता हुआ और एक-दूसरे का चुनाव लड़ाने की बात तय होने की बात कह रहे थे।
इकबाल महमूद पर लगा आरोप
इन्हीं बयानबाजी के बीच अब फिर से सांसद के पिता द्वारा एक चैनल को बयान दिया गया है। ममलूकुर्रहमान बर्क ने पुराने राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए दावा किया कि उनके पिता डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क का टिकट कटवाने में इकबाल महमूद की भूमिका थी।
उन्होंने यह भी कहा कि जब जियाउर्रहमान बर्क लोकसभा चुनाव लड़ रहे थे, तब इकबाल महमूद चुनाव से महज तीन दिन पहले समर्थन देने पहुंचे थे। आरोप लगाया है कि भाजपा के खिलाफ माहौल का लाभ उठाकर इकबाल महमूद अपने बेटे को विधायक बनाना चाहते हैं और आगे खुद लोकसभा टिकट की दावेदारी कर सकते हैं। उन्होंने यह दावा भी किया कि इस बार इकबाल महमूद को टिकट नहीं मिलेगा।
इकबाल महमूद ने स्वीकार की टिकट कटवाने की बात
सांसद के पिता के बयानों का पलटवार करते हुए विधायक इकबाल महमूद ने कहा कि ममलूकुर्रहमान बर्क के बयानों को पीछे छोड़कर अब आगे बढ़ना चाहिए। बोले, अगर सांसद जियाउर्रहमान बर्क खुद इस बारे में कुछ कहते हैं तो वह उनका जवाब देंगे। हालांकि टिकट कटवाने की बात उन्होंने स्वीकार की है।
बता दें कि वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में इकबाल महमूद समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में संभल सीट से मैदान में उतरे थे। टिकट नहीं मिलने पर डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने सपा छोड़कर बहुजन समाज पार्टी का दामन थाम लिया था। बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए उन्होंने इकबाल महमूद को पराजित किया था।
