रावण इंजीनियर, सीता ब्यूटी पार्लर संचालिका... पर्दा गिरते ही बदल जाती है रामलीला के इन पात्रों की दुनिया
संभल की सौ साल पुरानी रामलीला में कलाकार मंच पर मर्यादा पुरुषोत्तम राम और अहंकारी रावण जैसे किरदार निभाते हैं, ...और पढ़ें

राम के किरदार में बोबी, सीता के किरदार में पूजा और लक्ष्मण के किरदार में बंटी। सौ. स्वयं
HighLights
22 साल से राम बन रहे बोबी तो 10 साल से रावण का किरदार निभा रहे दीपक
सौरव प्रजापति, संभल। मंच पर कोई मर्यादा पुरुषोत्तम राम है तो कोई अहंकारी रावण। कोई माता सीता बनकर वनवास की कथा को जीवंत कर रहा है तो कोई कुंभकरण बनकर दर्शकों को गुदगुदा रहा है। मगर, जैसे ही रामलीला का मंच उतरता है, इन कलाकारों की असली दुनिया सामने आती है।
कोई होटल चलाता है, कोई फैक्ट्री में इंजीनियर है तो कोई ब्यूटी पार्लर संचालिका। इतना ही नहीं, कुंभकरण का किरदार निभाने वाले कलाकार गांव के प्रधान भी हैं। संभल की रामलीला में अभिनय और असल जिंदगी के इन दिलचस्प किरदारों की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है।

संभल शहर की सौ साल पुरानी रामलीला में इस बार मुरादाबाद के सिविल लाइंस से सूर्यमंच कला मंच की टीम आई है। टीम के निदेशक रमेश कन्नौजिया हैं। उनके भाई बोबी सहायक निदेशक होने के साथ राम का किरदार भी निभाते हैं।
बोबी पिछले 22 वर्षों से राम की भूमिका निभा रहे हैं। रामलीला के दिनों में वह मर्यादा पुरुषोत्तम राम बनकर मंच पर उतरते हैं, जबकि बाकी दिनों में मुरादाबाद में होटल चलाते हैं।
यानी मंच पर आदर्शों और मर्यादा का संदेश देने वाले राम की असल जिंदगी कारोबार संभालने में गुजरती है। ऐसे ही लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले मुरादाबाद के मझौला निवासी बंटी प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी सुपरवाइजर हैं।
रावण के दस सिर, पेशा इंजीनियर का
रामलीला में रावण का किरदार निभाने वाले मुरादाबाद के मझोला निवासी दीपक शर्मा गजरौला की जुबिलेंट फैक्ट्री में इंजीनियर हैं। वह पिछले 10 वर्षों से रावण की भूमिका निभा रहे हैं।
इस बार भी वह रामलीला में अभिनय करने के लिए नौकरी से 12 दिन का अवकाश लेकर संभल आए हैं। फैक्ट्री में तकनीकी जिम्मेदारियां संभालने वाले दीपक मंच पर लंकापति रावण के तेवर दिखाते हैं। नौकरी और अभिनय के बीच तालमेल बैठाकर वह वर्षों से इस परंपरा को निभा रहे हैं।
सीता के रूप में ब्यूटी पार्लर संचालिका
मुरादाबाद की पूजा पिछले आठ वर्षों से रामलीला में सीता का किरदार निभा रही हैं। वास्तविक जीवन में वह ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। रोजमर्रा की जिंदगी में ग्राहकों को संवारने वाली पूजा रामलीला के मंच पर माता सीता के रूप में नजर आती हैं। उनके लिए ब्यूटी पार्लर का संचालन और रामलीला में अभिनय, दोनों ही जिंदगी का अहम हिस्सा हैं।
गांव के प्रधान बने कुंभकरण, राउंड इंस्पेक्टर हैं हनुमान
रामलीला में कुंभकरण का किरदार निभाने वाले जगवीर सिंह चंदौसी तहसील के गांव हाथीपुर के प्रधान हैं। गांव की जिम्मेदारियां संभालने वाले जगवीर जब मंच पर उतरते हैं तो कुंभकरण के रूप में दर्शकों का मनोरंजन करते हैं।
इसी तरह हर्ष भागी पिछले 16 वर्षों से हनुमान और दशरथ की भूमिकाएं निभा रहे हैं। वास्तविक जिंदगी में वह एक निजी कंपनी में राउंड इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले बंटी निजी कंपनी में सिक्योरिटी सुपरवाइजर हैं।
