संभल में चौराहे पर पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा लगाने और सौंदर्यीकरण के लिए मिले 22 लाख, टेंडर प्रक्रिया शुरू
संभल के चंदौसी चौराहे के सौंदर्यीकरण और पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापना के लिए शासन ने 22 लाख रुपये का बजट आवंटित किया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
चंदौसी चौराहे के सुंदरीकरण को 22 लाख रुपये आवंटित।
चौराहे पर पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापित होगी।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य शुरू किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, संभल। चंदौसी चौराहे के सुंदरीकरण के लिए शासन ने करीब 22 लाख रुपये का बजट आवंटित किया है। चौराहे पर पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा लगाते हुए सुंदरीकरण कराया जाना है। इस कार्य की जिम्मेदारी विनियमित क्षेत्र कार्यालय को दी गई है।
एसडीएम विकास चंद्र का कहना है कि टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर काम शुरू कराया जाएगा। डीएम अंकित खंडेलवाल ने भी शुक्रवार को चौराहे का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए हैं।
शासन ने चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण के लिए पूर्व में 62 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया था। इस बजट से लोक निर्माण विभाग को कार्य कराना है। जिसमें रोडवेज बस अड्डे की तरफ नाले के ऊपर पुलिया बाक्स बन चुका है। सामने की तरफ इंटरलाकिंग सड़क को हटाते हुए डामर सड़क बनाई जानी है। इस सड़क की चौड़ाई एक मीटर रहेगी और यह कार्य 35 मीटर लंबा होगा।
चौराहे से चंदौसी मार्ग की तरफ 35 मीटर तक नाली का निर्माण होगा। नाली के दूसरी तरफ ढाई मीटर सड़क का निर्माण करते हुए चौड़ीकरण किया जाएगा। सामने की तरफ 40 मीटर लंबाई की सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क की चौड़ाई ढाई मीटर होगी। चौराहे के बीचोबीच गोल चक्कर भी बनेगा। एक्सईएन पीडब्ल्यूडी सुनील प्रकाश का कहना है कि बरसात के बाद काम शुरू कराया जाएगा।
वहीं करीब 15 लाख रुपये का बजट बिजली विभाग को दिया गया है। जिससे विभाग ने ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन को शिफ्ट कर लिया है। बता दें कि अगस्त में एसडीएम ने दुकानदारों को चौराहे के किनारे पसरे अतिक्रमण को हटाने की हिदायत दी थी। जेई विनियमित क्षेत्र ने बुलडोजर (बैकहो लोडर) से अतिक्रमण को चिह्नित किया था।
