विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा में कटी OHE लाइन में मालगाड़ी पहुंचने से मचा हड़कंप, आधे घंटे तक थमी रहीं कई ट्रेनें

Published: Sun, 20 Sep 2026 03:03 PM (IST)

अमरोहा के गजरौला में कटी ओएचई लाइन पर अनाधिकृत रूप से मालगाड़ी आने से रेल परिचालन प्रभावित हुआ। स्टेशन मास्टर की गलती से हुई।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. मालगाड़ी कटी ओएचई लाइन पर अनाधिकृत रूप से पहुंची, परिचालन बाधित।

  2. स्टेशन मास्टर की गलती से हुआ यह हादसा, रेलवे में हड़कंप।

  3. काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें आधे घंटे तक रुकी रहीं।

संवाद सहयोगी, अमरोहा। गजरौला के कांकाठेर के निकट शनिवार को कटी ओएचई लाइन में अनाधिकृत रूप से मालगाड़ी लिए जाने से रेल परिचालन प्रभावित हो गया। पावर नहीं होने के कारण मालगाड़ी बीच ट्रैक पर ही खड़ी हो गई। इससे काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को जहां-तहां रोकना पड़ा।

करीब आधे घंटे तक ट्रेनें खड़ी रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना से रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

शनिवार को लगभग ढाई बजे कांकाठेर के पास स्लीपर बदले जाने का कार्य चल रहा था। इसके चलते ओएचई की तीन नंबर लाइन पर ब्लॉक लिया गया था। इसी दौरान एक मालगाड़ी वहां पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि मालगाड़ी को चार नंबर लाइन पर लिया जाना था, लेकिन स्टेशन मास्टर की गलती से उसे तीन नंबर लाइन पर ले लिया गया। मालगाड़ी का कुछ हिस्सा ही तीन नंबर लाइन पर पहुंचा था कि पावर उपलब्ध न होने के कारण वह बीच में ही रुक गई। इसी दौरान काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के आने का समय हो गया।

तीन नंबर लाइन पर मालगाड़ी खड़ी होने के कारण ट्रेनों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा सकी और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर रोकना पड़ा। कई ट्रेनें करीब आधे घंटे तक खड़ी रहीं।

मालगाड़ी को ट्रैक से हटाए जाने के बाद रेल यातायात सामान्य हो सका और ट्रेनों को रवाना किया गया। कटी ओएचई लाइन पर मालगाड़ी पहुंचने और इसके चलते कई ट्रेनों के प्रभावित होने की सूचना से रेलवे विभाग में खलबली मची रही। मामले को लेकर अधिकारियों ने जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।