'मेरे साथ अनहोनी हुई तो मंदिर को सौंप दिया जाए मकान', जेठ के बेटों से परेशान मुस्लिम महिला लुबना खान ने उठाया बड़ा कदम
संभल में एक मुस्लिम महिला लुबना खान ने अपने मकान को मंदिर के नाम करने का ऐलान किया है, यदि ...और पढ़ें
संवाद सहयोगी, संभल। सरायतरीन के नजरखेल मुहल्ले में एक मुस्लिम महिला के बयान से मामला चर्चा में आ गया। महिला ने अपने मकान को लेकर विवाद के बीच अधिकारियों से सुरक्षा की मांग की है।
महिला का कहना है कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो उसके मकान को पक्के बाग वाले मंदिर के नाम कर दिया जाए। उसने अपने जेठ के बेटों पर परेशान करने और मकान खाली कराने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
हयातनगर के सरायतरीन अंतर्गत मुहल्ला नवाबखेल निवासी महिला लुबना खान ने बताया कि उनके पति नफीसउद्दीन का निधन हो चुका है। जिस मकान में वह रह रही हैं, वह पति के नाम है।
बताया कि पति की मौत के बाद से ही मकान को लेकर परिवार में विवाद चल रहा है। आरोप है कि जेठ के बेटे सलाउद्दीन और मोहसिन उस पर मकान खाली करने का दबाव बना रहे हैं।
विरोध करने पर उसे धमकियां भी दी जा रही हैं। बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। इसी वजह से उन्होंने एसपी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
कहा कि यदि उसके साथ कोई घटना होती है तो उसके मकान को पक्के बाग के पातालेश्वर महादेव मंदिर के नाम कर दिया जाए। महिला ने एसपी से प्रकरण की जांच कराने के साथ ही मामले में सरकारी वकील से पैरवी कराए जाने की मांग की है।
उनका कहना है कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रशासन गंभीरता से कार्रवाई करे और सुरक्षा उपलब्ध कराए। महिला के मकान को मंदिर के नाम करने संबंधी ऐलान के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। इसकी वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही है।
