संभल में बारिश ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड: 96% ज्यादा बरसा मानसून, 55 हजार हेक्टेयर फसलें तबाह
संभल जिले में इस साल सामान्य से दोगुनी बारिश हुई है, जिसने पिछले पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ...और पढ़ें

गुन्नौर तहसील में गांव भागनगर में बारिश से क्षतिग्रस्त धान की फसल। जागरण आर्काइव
HighLights
40 हजार हेक्टेयर से अधिक धान और 15 हजार हेक्टेयर से अधिक बाजरा की फसलें प्रभावित
संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। कभी बारिश के इंतजार में आसमान की ओर टकटकी लगाए रहने वाले किसानों के लिए इस बार बादल आफत बनकर बरसे। जिसने पांच साल का रिकार्ड तोड़ा है क्योंकि वर्ष 2021 औसत 670 एमएम बारिश हुई थी। जिले में सामान्य वार्षिक 645 एमएम के मुकाबले वर्ष 2026 में अब तक 1263 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
सामान्य से 618 एमएम यानी करीब 96 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। जून से सितंबर तक चार महीनों में औसत 552.25 एमएम रहा। जून में 144, जुलाई में 891, अगस्त में 262 और सितंबर में 912 एमएम बारिश दर्ज की गई।

वर्ष 2025 में इन्हीं चार महीनों में कुल 1645 एमएम बारिश हुई थी, जिसका औसत 411.25 एमएम रहा। वर्ष 2024 में कुल 1337 एमएम बारिश और औसत 334.25 एमएम रहा।
वर्ष 2023 में कुल 879 एमएम बारिश और औसत 219.75 एमएम रहा। इस तरह 2026 में मानसून के दौरान औसत बारिश वर्ष 2025 के मुकाबले 141 एमएम, 2024 के मुकाबले 218 एमएम और 2023 के मुकाबले 332.5 एमएम अधिक रही।
इस बार अधिक बारिश का सबसे बड़ा असर खेती पर पड़ा है। कृषि विभाग के सर्वे में 40 हजार हेक्टेयर से अधिक धान और 15 हजार हेक्टेयर से अधिक बाजरा प्रभावित हुआ है। किसानों के नुकसान का सर्वे अभी जारी है।
8,403 किसानों का डाटा फीड, 25.45 करोड़ क्षतिपूर्ति की कवायद तेज
बारिश और आपदा से फसल नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए जिले में अब तक लेखपालों ने 8,403 किसानों की प्रविष्टियां दर्ज की हैं। इन प्रविष्टियों में 2,283.27 हेक्टेयर फसल क्षेत्र का विवरण दर्ज है यह आंकड़ा अभी अंतिम नहीं है।
लेखपालों की ओर से किसानों और फसल नुकसान का डाटा लगातार फीड किया जा रहा है। अब तक फीड हुए डाटा के आधार पर जिला प्रशासन ने सत्यापन और धनराशि भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
अगले दो दिन में पात्र किसानों को धनराशि भेजने की तैयारी है, हालांकि बैंकिंग प्रक्रिया के कारण खातों में राशि पहुंचने में कुछ समय लग सकता है। शेष डाटा फीड होने के बाद किसानों की संख्या और क्षतिपूर्ति की धनराशि बढ़ेगी।
तहसीलवार चंदौसी में 2719, गुन्नौर में 1653 और संभल में 4031 किसानों की प्रविष्टियां दर्ज हुई हैं। लेखपालों ने 4457 फसल प्रविष्टियां की हैं। इनमें 2492 प्रकरण जांच योग्य और 24 प्रकरण सत्यापन प्रक्रिया में हैं।
आरआइ स्तर पर 1244 और नायब तहसीलदार स्तर पर 937 प्रकरणों की कार्रवाई दर्ज है। डाटा फीडिंग पूरी होने के बाद वास्तविक प्रभावित किसानों और क्षतिपूर्ति का अंतिम आंकड़ा सामने आएगा। फिलहाल 25.45 करोड़ की क्षतिपूति पीड़ित किसानों को दिए जाने की कवायद तेज कर दी गई है।
अब तक 8,403 किसानों की प्रविष्टियां दर्ज हुई हैं और 2283.27 हेक्टेयर क्षेत्र का विवरण सामने आया है। करीब 50 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति दिए जाने की कवायद जारी है। अगले दो दिन में पात्र किसानों को धनराशि भेजने का प्रयास है। लेखपालों की डाटा फीडिंग जारी है।
- अंकित खंडेलवाल, डीएम, संभल।
यह भी पढ़ें- 16 साल में ही 'खंडहर' बनी 132 परिवारों की दुनिया! संभल की इस कालोनी में छत से टपकता है खौफ
