कान में सरिया घुसने से यूपी में युवक की मौत, पत्नी पर कमेंट के विरोध पर पड़ोसियों ने किया हमला
संभल के चाऊपुर डांडा गांव में पत्नी पर टिप्पणी को लेकर हुए विवाद में कन्हैया लाल के कान में सरिया घुसने से मौत हो गई।

कान में सरिया घुसने से युवक की मौत।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, संभल। रजपुरा थाना के चाऊपुर डांडा गांव में मंगलवार देर शाम पत्नी पर टिप्पणी करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। तब, दोनों पक्षों में लाठी-डंडों के साथ सरिया और ईंट-रोड़े चलने लगे।
मारपीट के दौरान गांव निवासी कन्हैया लाल के कान में चार से पांच फुट लंबी सरिया घुस गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अब उपचार के दौरान बुधवार देर शाम बुलंदशहर में कन्हैया की मौत हो गई।
स्वजन का आरोप है कि पत्नी पर टिप्पणी करने को लेकर कन्हैया लाल की बदन सिंह और ब्रजपाल से कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान उसके कान में सरिया घुसा दी गई।
घटना की सूचना पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर बदन सिंह और ब्रजपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने बदन सिंह को बुधवार को जेल भेज दिया था। कन्हैया की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। रजपुरा पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।
