संभल में नोज पिन चुराकर भाग रही 3 महिलाएं गिरफ्तार, बिहार जेल से 1 माह पहले ही आई थीं बाहर
संभल के रजपुरा में एक सुनार की दुकान से ग्राहक बनकर तीन महिलाओं ने आभूषण चुरा लिए।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
रजपुरा में सुनार की दुकान से आभूषण चोरी।
ग्राहक बनकर आईं तीन महिलाओं ने की वारदात।
बिहार जेल से छूटीं महिलाएं चोरी में पकड़ी गईं।
जागरण संवाददाता, संभल। रजपुरा में सुनार की दुकान पर ग्राहक बनकर तीन महिलाओं ने आभूषण चोरी कर लिए। मौके से निकलते ही सुनार को शक हुआ, कुछ ही समय बाद लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को दबोच लिया गया।
पूछताछ में पता चला कि तीनों महिलाओं पर कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अधिकांश आभूषण चोरी व प्रयास के हैं। तीनों हाल में बिहार की जेल से छूटी थीं।
रजपुरा निवासी प्रवीन कुमार की कन्हैयालाल ज्वैलर्स एंड संस के नाम से दुकान है। बुधवार को तीन महिलाएं ग्राहक बनकर उनके यहां पहुंचीं और सोने की नोज पिन व लौंग (नाक का फूल) दिखाने को कहा।
दुकानदार ने कई आइटम दिखाए। इसी दौरान महिलाओं ने बातचीत में उलझाते हुए मौका पाकर कुछ नोज पिन लेकर चंपत हो गईं। जाते ही दुकानदार ने आभूषणों की जांच की तो तीन नोज पिन गायब मिलीं।
शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने लोगों की मदद से तीनों को पकड़ लिया था। इनकी पहचान संभल की ही सुशीला, कृष्णा और मिथलेश के रूप में हुई।
सुशीला पर बरेली, अलीगढ़ और बुलंदशहर में चोरी के तीन, कृष्णा पर अलीगढ़ और बुलंदशहर में चोरी के तीन पुराने, मिथलेश पर अलीगढ़ में चोरी करने व चोरी का माल रखने के पांच मुकदमे दर्ज हैं।
तीनों ने बिहार में भी आभूषण चोरी के मुकदमे में जेल में बंद होने और एक महीने पहले ही छूटने की जानकारी दी। हालांकि, मुकदमा कहां दर्ज था और किस जेल में बंद थीं, यह नहीं बता सकीं। दुकानदार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
