विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मस्जिद नहीं मंदिर बनेगा...' BJP नेता के बयान पर भड़के सपा सांसद के पिता, बोले- गिराकर दिखाएं, अंजाम देख लें

Published: Thu, 24 Sep 2026 05:17 PM (IST)

भाजपा नेता राजेश सिंघल के "मस्जिद नहीं मंदिर बनेगा" बयान से संभल में जामा मस्जिद-हरिहर मंदिर विवाद फिर गरमा गया ...और पढ़ें

राजेश सिंघल और सांसद के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क

राजेश सिंघल और सांसद के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क

HighLights

  1. रहटौल में भाजपा नेता राजेश सिंघल के बयान पर सांसद के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क का पलटवार

  2. 2027 की सियासत के बीच धार्मिक मुद्दे पर आमने-सामने आए दोनों खेमे

जागरण संवाददाता, संभल। जामा मस्जिद-हरिहर मंदिर को लेकर चल रही कानूनी प्रक्रिया के बीच बुधवार रात गांव रहटौल में रामलीला मंचन के दौरान भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल के बयान से सियासी पारा चढ़ गया। उन्होंने कहा कि संभल में अब मस्जिद नहीं, मंदिर बनेंगे।

न्यायालय के आदेश का इंतजार है और आदेश मिलने के बाद हिंदू समाज के लोग जामा मस्जिद को तोड़कर मंदिर बनाएंगे। हरिहर मंदिर बनने पर पुष्पवर्षा होने की बात भी उन्होंने कही। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि उसी तरह संभल में भी हरिहर मंदिर बनने जा रहा है।

राजेश सिंघल के इस बयान पर सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता मौलाना ममलूकुर्रहमान बर्क ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बयान को भड़काऊ बताते हुए कहा कि इस तरह की बात बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने चुनौती भरे अंदाज में कहा कि जामा मस्जिद संभल को गिराकर दिखाएं, फिर उसका अंजाम देख लें।

दरअसल, जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर 24 नवंबर 2024 को संभल में हिंसा हुई थी। ऐसे में करीब दो वर्ष पुराने विवाद के केंद्र में रहे जामा मस्जिद-हरिहर मंदिर मुद्दे पर आए ताजा बयानों ने संभल की सियासत को फिर चर्चा में ला दिया है।

दोनों नेताओं के बयान ऐसे समय आए हैं, जब 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संभल विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। 2022 के चुनाव में सपा के इकबाल महमूद ने भाजपा के राजेश सिंघल को 41,697 मतों के अंतर से हराया था।

राजेश सिंघल भाजपा की ओर से संभल विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं और पूर्व में पार्टी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भी रहे। सितंबर 2026 में उन्हें भाजपा की नई क्षेत्रीय कार्यसमिति में स्थान नहीं मिला।

दूसरी ओर, सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क 2027 के विधानसभा चुनाव में संभल सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं।

इस तरह चुनावी तैयारी के बीच दोनों खेमों के नेताओं के बयानों में जामा मस्जिद और हरिहर मंदिर का मुद्दा प्रमुखता से उभरना संभल की सियासत में आने वाले दिनों की दिशा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- संभल हिंसा: जलाई गई कार का क्लेम खारिज करने पर फंसी बीमा कंपनी, उपभोक्ता आयोग ने ब्याज समेत दिया बड़ा फैसला