विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल के हीरापुर में अवैध हथियारों की बड़ी फैक्ट्री का पर्दाफाश: 42 अधबने तमंचे बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

Published: Thu, 13 Aug 2026 05:28 PM (IST)

संभल के असमोली थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में पुलिस ने अवैध तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ...और पढ़ें

HighLights

  1. हथियार बनाने का सामान भी बरामद, एक आरोपित फरार

संवाद सहयोगी, संभल। असमोली थाना पुलिस ने गांव हीरापुर में तमंचे बनाने की खेप का भंडाफोड़ हुआ है। यहां पर तैयार हो रहे अवैध हथियारों बरामद किए हैं। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो तैयार और 42 अधबने तमंचों के साथ हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। वहीं, एक अन्य आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गुरुवार को मुरादाबाद मार्ग स्थित अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने प्रकरण का राजफाश करते हुए बताया कि असमोली पुलिस ने बुधवार की रात हीरापुर गांव में दबिश दी। वहां मकान में अवैध रूप से तमंचे की खेप तैयार की जा रही थी।

पुलिस ने मौके से गांव निवासी इकरार को दबोच लिया। जबकि उसका साथी ताहिर निवासी हीरापुर पुलिस को देखकर भागने में सफल रहा। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से एक तमंचा 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर और 42 अधबने तमंचे बरामद किए।

इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले। इनमें एक ड्रिल मशीन, 39 छोटे-बड़े ड्रिल मशीन के बरमे, छह लोहे की घिसने की रेतियां, दो हथौड़े, तीन सरसी लोहे की, एक लोहे काटने की आरी और पांच ब्लेड शामिल हैं।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर असमोली थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। वहीं, फरार ताहिर की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार किए जा रहे तमंचों की खेप कहां सप्लाई की जानी थी और इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

इस मामले से जुड़ी अपराधियों का अपराधिक इतिहास भी दिखवाया जा रहा है। राजपाश के दौरान एएसपी कुलदीप सिंह, असमोली सीओ अमन कुमार और थाना प्रभारी सुधीर पंवार मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- संभल हिंसा: 'हिंसा के वक्त फारूकी के घर छिपा रहा...' सपा विधायक के बेटे के बयान और जांच रिपोर्ट में फंसा बड़ा पेंच