संभल में कैंची घोंपकर पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, पुलिस को बताई मर्डर की वजह
संभल के मंडी किशन दास सराय में 15 मार्च को पत्नी नाजमा की कैंची से हत्या करने वाले पति नफीस को पुलिस ने 17 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है।

HighLights
15 मार्च की शाम को कोतवाली क्षेत्र में नगर से सटे मंडी किशन दास सराय में हुई थी घटना
मेरठ के मेडिकल कालेज में आरोपित पति ने करवाया खुद का इलाज
जागरण संवाददाता, संभल। कोतवाली क्षेत्र के गांव मंडी किशन दास सराय में अवैध संबंधों का विरोध करने पर पत्नी नाजमा की हत्या कैंची से घोंपकर हत्या करने के मामले में आरोपित पति को पुलिस ने गिरफ़्तार कर चालान कर दिया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसकी पत्नी आए दिन विवाद करती थी, इसलिए घर पर उसकी हत्या कर दी।
बता दें कि गांव निवासी 35 वर्षीस नाजमा आशा कार्यकर्ता थी। उनका किसी बात को लेकर अपने पति नफीस से काफी समय से विवाद चल रहा था। स्वजन ने बताया कि इसी विवाद के चलते करीब डेढ़ व दो साल से नफीस सरायतरीन में रहता था। 15 मार्च की देरशाम को नफीस मंडी किशन दास सराय स्थित घर पर आया, जहां किसी बात को लेकर पति-पत्नी में आपस में विवाद हो गया था और इसी विवाद के चलते नफीस ने नाजमा के सीने में कैंची घोंपकर हत्या कर दी। फिर आरोपित ने खुद को भी कैंची से वार कर घायल कर लिया था।
मामले में उसकी 13 वर्षीय बेटी अनाविया ने पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी थी, बेटी ने बताया कि उसके पिता नफीस करीब दो साल बाद रविवार की रात घर आए थे। पिता नफीस ने बेटी अनाविया, माहेरा, आफताफ और अजलान को कमरे में सुला दिया था। बच्चों के सोने के बाद नफीस ने नाजमा के साथ पहले मारपीट की थी।
मां की चीखने की आवाज सुनाई दी तो वह कमरे से बाहर निकल आई। बाहर आकर उसने देखा कि पिता नफीस मां के ऊपर बैठकर उनके सीने में कैंची से लगातार वार कर रहे थे। पिता ने भी उसी कैंची से खुद को घायल कर लिया था। घटना के बाद उसका मेरठ के मेडिकल कालेज में चला हुआ। अब 17 दिन बाद पुलिस ने आरोपित नफीस को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपित ने पूछताछ में बताया कि आए दिन विवाद करने के चक्कर में उसने पत्नी की हत्या की थी। कैंची भी घर के पास से ही बरामद की है।
यह भी पढ़ें- कमर्शियल गैस न मिलने से कारोबार ठप, घर लौट रहे सैकड़ों प्रवासी, रोजी-रोटी पर संकट
