विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हड्डी और सींग से बनी ज्वेलरी पर फिदा हुए विदेशी मेहमान, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में छाया संभल का हुनर

Published: Sun, 27 Sep 2026 02:42 PM (IST)Updated: Sun, 27 Sep 2026 02:58 PM (IST)

संभल के सरायतरीन के हड्डी-सींग हस्तशिल्प उत्पाद नोएडा के यूपी इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में विदेशी खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं।

नोएडा में चल रहे फेयर में संभल के हैंडीक्राफ्ट निर्यातक मोहम्मद आसिफ के स्टाल पर ज्वैलरी देखतीं बेल्जियम की खरीदार

नोएडा में चल रहे फेयर में संभल के हैंडीक्राफ्ट निर्यातक मोहम्मद आसिफ के स्टाल पर ज्वैलरी देखतीं बेल्जियम की खरीदार

HighLights

  1. संभल के हस्तशिल्प उत्पाद यूपी ट्रेड फेयर में प्रदर्शित।

  2. विदेशी खरीदारों ने हड्डी-सींग की ज्वेलरी पसंद की।

  3. जर्जिया के खरीदार को सींग का बीयर मग भाया।

संवाद सूत्र, संभल। हस्तशिल्प कारोबार की पहचान एक बार फिर देश-दुनिया के बाजार में चमक रही है। नोएडा में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में सरायतरीन के हड्डी-सींग से तैयार हस्तशिल्प उत्पाद विदेशी खरीदारों को अपनी ओर खींच रहे हैं।

शनिवार को दूसरे दिन इटली, बेल्जियम, यूरोप और जर्जिया से पहुंचे खरीदारों ने संभल के स्टालों पर पहुंचकर उत्पाद देखे। सींग से बनी ज्वेलरी, खासकर कान की बालियां और गले के हार विदेशी युवतियों को खूब पसंद आए। वहीं जर्जिया के खरीदार को सींग से बना बीयर मग भाया।

ट्रेड फेयर में अभी बिजनेस डेज चल रहे हैं, इसके बावजूद संभल के हस्तशिल्प स्टालों पर खरीदारों की आवाजाही बनी रही। दूसरे दिन करीब 500 से अधिक खरीदारों ने संभल के हड्डी-सींग से बने उत्पादों को देखा। देशी खरीदारों ने भी ज्वेलरी के साथ फ्लॉवर पॉट, बाथरूम सेट, ट्रे, बीयर मग और घर की सजावट में इस्तेमाल होने वाले दूसरे उत्पादों में रुचि दिखाई।

सरायतरीन लंबे समय से हड्डी और सींग से तैयार हस्तशिल्प के कारोबार के लिए पहचान रखता है। यहां के कारीगर सींग और हड्डी जैसे प्राकृतिक उत्पादों को तराशकर ज्वेलरी से लेकर सजावटी सामान और उपयोगी वस्तुओं का रूप देते हैं। यही हुनर अब नोएडा के ट्रेड फेयर में देश-विदेश के खरीदारों के सामने पहुंचा है।

यूरोप के देशों से आ रहे खरीदार

निर्यातकों ने इस बार विदेशी बाजार के साथ घरेलू ग्राहकों की पसंद को भी ध्यान में रखकर उत्पाद तैयार किए हैं। निर्यातक मुहम्मद आसिफ के स्टॉल पर यूरोप, बेल्जियम और इटली से आए खरीदारों ने हड्डी-सींग की ज्वेलरी को पसंद किया।

इटली की एंजोलीना और बेल्जियम के स्टीफन ने ज्वेलरी में रुचि दिखाई। जर्जिया के मैथ्यूज को सींग से बना बीयर मग पसंद आया। खरीदारों ने संपर्क नंबर भी नोट किए हैं। इससे निर्यातकों को फेयर के बाद ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।

निर्यातक हाजी शहादत का कहना है कि यूरोप के देशों से खरीदार आ रहे हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए घरेलू बाजार पर भी ध्यान दिया जा रहा है। फ्लॉवर पॉट, बाथरूम सेट और ट्रे समेत घर की सजावट के सामान लोगों को पसंद आ रहे हैं। इससे घरेलू बाजार में भी कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- संभल हिंसा: लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर का विवादित बयान- 'दंगा करने वाले मुस्लिमों को पाकिस्तान भेजो'